24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Gold Loan : सोना हुआ सस्ता तो खरीदारों की हुई ‘चांदी’, पर गोल्ड लोन लेने वालों की उड़ी नींद, देना पड़ेगा अतिरिक्त पैसा

Gold Loan : सोना हुआ सस्ता तो खरीदारों की हुई ‘चांदी’, पर गोल्ड लोन लेने वालों की उड़ी नींद, देना पड़ेगा अतिरिक्त पैसा

Gold Loan : सोने की कीमतों में गिरावट किसी के घर खुशियां ला रही है तो किसी की चिंता बढ़ा रही है। वहीं सोने रेट में आई कमी से गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने वालों की मुश्किल बढ़ गई है। जानें पूरा मामला।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Sanjay Kumar Srivastava

•

image

अश्विनी भादौरिया

•

Updated: 24 Nov 2026, 3:35 PM IST

rajasthan gold cheaper borrowers distress extra money will have to be paid

Gold Loan : एआइ से बनाई गई प्रतीकात्मक फोटो।

Gold Rate : जयपुर. सोने की कीमतों में गिरावट किसी के घर खुशियां ला रही है तो किसी की चिंता बढ़ा रही है। जिन परिवारों में शादियां है, उनके लिए गहनों की खरीदारी पहले के मुकाबले आसान हुई है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई, मकान निर्माण या कारोबार के लिए घर के गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने वालों की मुश्किल बढ़ गई है। सोने के भाव घटने से गिरवी रखे जेवरों का बाजार मूल्य भी कम हो गया है। ऐसे में बैंक और वित्तीय कंपनियां कर्ज के अनुपात को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सोना गिरवी रखने के लिए कह रही है। कर्ज के बोझ तले दबे परिवारों के लिए सोने की गिरती कीमतें नई आर्थिक परेशानी बन गई हैं। बच्चों की फीस भर दी, मकान निर्माण पर रकम खर्च कर दी… अब अतिरिक्त पैसे कहां से लाएं?

एक लाख के सोने पर 11 हजार रुपए तक जमा कराने की नौबत

पिछले एक महीने में सोने की कीमतों में गिरावट के चलते एक लाख रुपए का सोना गिरवी रखकर 85 हजार रुपए का कर्ज लेने वाले व्यक्ति को पुराने कर्ज और सोने के नए मूल्य के अनुपात में करीब 11 हजार रुपए जमा कराने पड़ सकते हैं।

गोल्ड लोन के नियम (आरबीआई के अनुसार)

2.50 लाख रुपए तक के उपभोग ऋण पर सोने के निर्धारित मूल्य का अधिकतम 85 प्रतिशत। 2.50 लाख से अधिक और पांच लाख रुपए तक के ऋण पर अधिकतम 80 प्रतिशत।
05 लाख रुपए से अधिक के ऋण पर अधिकतम 75 प्रतिशत।

यू समझें : लोन से बढ़ी परेशानी

विवरण - राशि
22 अक्टूबर को सोने का भाव (10 ग्राम) - 1,35,500 रुपए
22 नवंबर को सोने का भाव (10 ग्राम) - 1,17,400 रुपए।
एक महीने में कीमत में गिरावट 13.36 फीसदी।
22 अक्टूबर को गिरवी सोने का मूल्य - 1,00,000 रुपए
उस समय लिया गया कर्ज (85 प्रतिशत) - 85,000 रुपए।
अब गिरवी सोने का मूल्य - 86,642 रुपए।
नए मूल्य का 85 प्रतिशत - 73,646 रुपए।
85 फीसदी अनुपात में आने को संभावित भुगतान - 11,354 रुपए

बैंक से फोन आ रहे...

मकान बनाने के लिए गोल्ड लोन लिया था। सोचा था कि धीरे-धीरे कर्ज चुका देंगे। अब सोने की कीमतें गिरने से चिंता बढ़ गई है। बैंक से बकाया राशि चुकाने के लिए फोन आ रहे हैं।
निर्मल सिंह, जगतपुरा

गिरवी रखे गहनों की कीमत भी घटी

बेटे की कॉलेज फीस जमा कराने के लिए गहने गिरवी रख कर्ज लिया था। अब सोने के भाव कम होने से गिरवी रखे गहनों की कीमत भी घट गई है। पहले से ब्याज का बोझ है। पैसे जमा कराएं तो घर का बजट बिगड़ जाएगा।
अजय कुमार, खातीपुरा

कीमत कम होने से बैंकों को हो रहा है नुकसान

बैंक और फाइनेंस कंपनियां गोल्ड लोन देते समय 20 से 25 फीसदी तक मार्जिन रखती हैं। सोने की कीमत कम होने से बैंकों को नुकसान हो रहा है। यदि लोग मार्जिन मनी जमा नहीं करते हैं तो बैंकों को गिरवी सोना बेचने का भी अधिकार है। हालांकि, सोने की कीमत बढ़ने पर बैंक से अतिरिक्त लोन भी लिया जा सकता है।
अनिल एरन, उपाध्यक्ष, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन