25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Rajasthan Zila Pramukh Election: राजस्थान के 37 जिलों में आज जिला प्रमुख का चुनाव, देर रात तक चला भाजपा-कांग्रेस में सियासी जोड़तोड़ का खेल

Rajasthan Zila Pramukh Election: राजस्थान के 37 जिलों में आज जिला प्रमुख का चुनाव, देर रात तक चला भाजपा-कांग्रेस में सियासी जोड़तोड़ का खेल

Rajasthan Zila Pramukh Election 2026: पंचायत चुनाव में आज 37 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव होंगे। दोनों दलों में जीत के लिए सियासी जोड़तोड़ का गणित देर रात तक चलता रहा। कांग्रेस को 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि भाजपा केवल 5 जिलों में बहुमत तक पहुंच पाई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 25 Nov 2026, 7:07 AM IST

Zila Pramukh Election

जिला प्रमुख चुनाव। फोटो: एआई

जयपुर। पंचायत चुनाव में आज 37 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव होंगे। दोनों दलों में जीत के लिए सियासी जोड़तोड़ का गणित देर रात तक चलता रहा। कांग्रेस को 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि भाजपा केवल 5 जिलों में बहुमत तक पहुंच पाई है। इसके बावजूद भाजपा की नजर उन जिलों पर है, जहां कांग्रेस बहुमत के करीब है या निर्दलीयों और क्षेत्रीय दलों के समर्थन से बोर्ड बना सकता है। भाजपा नेताओं का मानना है कि दूसरे दल के सदस्य 'आत्मा की आवाज' सुनेंगे और भाजपा के पक्ष में वोट देंगे।

कांग्रेस के सामने सेंधमारी से बचने के साथ दावेदारी को लेकर सहमति बनाने की चुनौती है। दोनों दलों ने प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए दिनभर मंथन किया, लेकिन नामों का खुलासा चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के समय ही करने की रणनीति अपनाई है। कई जिलों में क्षेत्रीय दलों की भूमिका और बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर रहेगी।

चार दिन चलेगी चुनाव प्रक्रिया

25 नवंबरः जिला प्रमुख
26 नवंबरः उप जिला प्रमुख
27 नवंबरः प्रधान
28 नवंबरः उप प्रधान

कब-क्या

सुबह 11 बजेः नामांकन दाखिल।
सुबह 11.30 बजेः नामांकन पत्रों की जांच।
दोपहर 1 बजेः नाम वापसी।
दोपहर 1 बजे बादः चुनाव चिह्न आवंटन ।
दोपहर 3 से शाम 5 बजे : आवश्यकता होने पर मतदान।
मतदान के बादः मतगणना।
शेष चार जिलों कोटा, बारां, करौली व श्रीगंगानगर में निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद 17 दिसंबर को मतगणना होगी।

मुख्यमंत्री के गृह जिले में कांग्रेस को बहुमत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस को बहुमत मिला है। यहां सदस्यों को तोड़ने की आशंका के बीच पार्टी ने निगरानी बढ़ाई है। एक दिन पहले जयपुर आए कांग्रेस के 18 निर्वाचित सदस्यों को वापस भरतपुर भेज दिया गया। मतदान के दौरान इनकी निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी क्षेत्रीय नेताओं और पर्यवेक्षकों को सौंपी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में सक्रियता दिखाई। वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और जितेंद्र सिंह भी जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर नेताओं से चर्चा करते रहे।

भाजपा: कांग्रेस को रोकने के लिए क्षेत्रीय दलों से तालमेल

भाजपा की रणनीति के दो पहलू हैं। पहला, कांग्रेस को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने से रोकना और दूसरा, क्षेत्रीय दलों के साथ राजनीतिक समीकरण बनाकर आदिवासी और अन्य प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपनी भूमिका बनाए रखना। प्रतापगढ़-बांसवाड़ा में बीएपी और डीडवाना-कुचामन में आरएलपी के साथ संभावित तालमेल इसी रणनीति का हिस्सा है। मुख्यमंत्री आवास पर भी प्रत्याशियों के नामों और जिलों के राजनीतिक समीकरणों को लेकर लंबा मंथन चला। चूरू, बालोतरा, बांसवाड़ा, डीग और भरतपुर सहित करीब 11 जिलों में बहुमत जुटाने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस: बहुमत बचाने के साथ परिजन की दावेदारी से उलझन

दर्जनभर जिलों में प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी के नेताओं के बीच खींचतान सामने आई। कई जिलों में सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों के बेटे-बेटियों, बहुओं और पत्नियों की दावेदारी के कारण नाम तय करने में मुश्किलें आईं। बड़े नेताओं के गृह और निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार चयन की जिम्मेदारी संबंधित नेताओं पर छोड़ी गई, जबकि अन्य जिलों में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा स्थानीय नेताओं से चर्चा कर सहमति बनाने में जुटे रहे। सवाई माधोपुर, बीकानेर, जयपुर और दौसा सहित कई जिलों में परिजनों की दावेदारी को लेकर मामला प्रदेश वाररूम तक पहुंचा।