IMD Alert: राजस्थान में 28 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक 29 और 30 मई को पश्चिमी विक्षोभ का असर अधिक रहेगा। कई जिलों में मेघगर्जन, तेज आंधी, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। जानें आपके जिले में कब असर रहेगा?
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 मई से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के मुताबिक 29 और 30 मई को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
जारी चेतावनी के अनुसार 28 मई को जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, दौसा, भरतपुर और डीग सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए भी इसी तरह की चेतावनी जारी हुई है।
29 मई को पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, बूंदी, डीग, झालावाड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में भी 50-60 KMPH की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
30 मई को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, और टोंक जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट है। वहीं पश्चमी राजस्थान के चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी इसी तरह का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि मई के अंत के बाद भी राहत बनी रह सकती है। जून के पहले सप्ताह में भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। ऐसे में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।