जयपुर

Rajasthan Zila Pramukh Election: 37 जिला परिषदों में किसका बनेगा जिला प्रमुख? 8 जिलों में निर्दलीय तय करेंगे सियासी भविष्य

Rajasthan Zila Pramukh Election 2026: पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों पर कब्जे के लिए सियासी शह-मात का खेल शुरू हो गया है। कहीं सदस्यों की बाड़ेबंदी हो रही है तो कहीं खरीद-फरोख्त और दबाव बनाने के आरोप लग रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 8:13 AM IST
Zila Pramukh Election
एआई तस्वीर

जयपुर। पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों पर कब्जे के लिए सियासी शह-मात का खेल शुरू हो गया है। कहीं सदस्यों की बाड़ेबंदी हो रही है तो कहीं खरीद-फरोख्त और दबाव बनाने के आरोप लग रहे हैं। बुधवार को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने सदस्यों को टूट से बचाने के लिए पहरा बिठा दिया है।

भाजपा ने पांच जिला परिषदों में बहुमत के बावजूद 12-13 जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश की 37 जिला परिषदों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 23, भाजपा को पांच और आरएलपी को एक परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। शेष आठ में जिला प्रमुख का फैसला निर्दलीयों और क्रॉस वोटिंग पर निर्भर करेगा। दोनों दलों ने जिला प्रमुख पद के लिए पार्टी के चुनाव चिह्न आवंटित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

इधर, बीकानेर जिला परिषद के वार्ड संख्या नौ से निर्वाचित कांग्रेस की सदस्य मैना देवी की गुमशुदगी और कथित अपहरण का मामला तूल पकड़ने लगा है। कोलायत तहसील के भोलासर निवासी मैना देवी के पति नेमाराम ने जेएनवीसी थाने में पत्नी के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। परिवाद मेंनोखा विधायक सुशीला डूडी, भंवर कूकणा, बिशनाराम सियाग और 10-12 अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआइडी-सीबी सत्यप्रकाश मीणा के अनुसार, मैना देवी की दस्तयाबी के लिए चार टीमें गठित की गई है। इस मामले में सोमवार को राष्ट्रीय सर्व मेघवंश महासभा के बैनर तले लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।

आरोप-60-60 लाख के ऑफर सदस्यों को डरा-धमका रहे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस वॉररूम में भरतपुर जिला परिषद के कांग्रेस के टिकट पर जीते 18 सदस्यों को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने दावा किया कि भरतपुर में 21 सदस्य जीते है, लेकिन भाजपा ने तीन सदस्यों अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू को अपने पक्ष में करने के लिए उठा लिया है। इन्हें 60-60 लाख रुपए तक के ऑफर दिए जा रहे है। भाजपा पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर सदस्यों को डराने-धमकाने और खरीदने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भरतपुर में कांग्रेस का ही जिला प्रमुख बनेगा। उनके मुताबिक, सीएम की प्रतिष्ठा बचाने के लिए भाजपा बिना बहुमत के भी जिला प्रमुख का पद हासिल करने की कोशिश कर रही है।

होटल में दबाव बनाने का आरोप

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भरतपुर के सदस्य चार-पांच दिन से चौमूं के एक होटल में थे। वहां चौमूं के सीआइ, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी होटल प्रबंधन और सदस्यों पर दबाव बना रहे थे। पुलिस को सदस्यों को उठाकर लाने के लिए कहा जा रहा था। उन्होंने डीग जिला परिषद के तीन कांग्रेस सदस्यों को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया। डोटासरा के अनुसार, एक बच्ची की हत्या के मामले में दर्ज एफआइआर और उसमें नामजद मौलवी के मुद्दे को लेकर सदस्यों पर दबाव बनाया गया।

उन जिलों पर ज्यादा फोकस, जहां दो-तीन सीटों से बहुमत कम

भाजपा पंचायत चुनाव में केवल पांच जिला परिषदों में पूर्ण बहुमत हासिल कर पाई है, लेकिन पार्टी अब 12 से 13 जिलों में जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए उन जिलों पर विशेष फोकस है, जहां पार्टी दो-तीन सीटों से बहुमत से पीछे है या निर्दलीय सदस्य चुनावी गणित बदल सकते हैं। पार्टी ने सभी संभाग प्रभारियों को शेष जिलों में समर्थन जुटाने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस के उन जिलों में सेंधमारी की संभावनाएं भी तलाशी जा रही है, जहां पार्टी के भीतर गुटबाजी सामने आ रही है। पार्टी ने जिला प्रमुख पद के चुनाव के लिए सिंबल संभाग प्रभारियों को सौंप दिए हैं। चुनाव प्रभारी इन्हें संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।

ज्यादातर जिलों में उतारेंगे प्रत्याशी

प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हम लगभग सभी जिला परिषदों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहे हैं। जहां सीट आरक्षित वर्ग के लिए है, वहां भी कांग्रेस के असंतुष्ट सदस्य भाजपा के समर्थन में आना चाहते हैं। कांग्रेस में आपसी फूट चल रही है। मंगलवार रात तक सभी जगह की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पार्टी गठबंधन की संभावनाएं भी तलाश रही है। बीकानेर में कांग्रेस की गुटबाजी के अलावा भरतपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर और डीग के सियासी समीकरणों पर भी भाजपा ने नजर रखी है।