
जयपुर/जमवारामगढ़। रामगढ़ बांध ( Ramgarh Bandh Accident ) की चढ़ाई पर रविवार शाम ब्रेक फेल होने से मिनी बस पलटने ( Bus Accident ) के कारण 20 बच्चे और 14 अन्य सवार घायल हो गए। छह को जयपुर के एसएमएस अस्पताल ( SMS Hospital ) में भर्ती कराया गया है। बस सवार घाटगेट से आंधी स्थित पीर बाबा की दरगाह जियारत करने गए थे।
जियारत कर जयपुर लौट रहे थे
जियारत कर बस सवार देर शाम वापस जयपुर लौट रहे थे। इस दौरान जमवारामगढ़ बांध की घाटी की चढ़ाई पर बस चढ़ नहीं पाई। इस पर कुछ लोग बस से उतर कर धक्का लगाने लगे। लेकिन चढ़ाई ज्यादा होने के कारण बस आगे नहीं चढ़ पाई। इस बीच बस के ब्रेक फेल हो गए और अनियंत्रित होकर पीछे की ओर आकर मगरमच्छों की कुंड की ओर खाई में गिरकर पलट गई। जिससे बस सवार लोगों में चीख पुकार मच गई।
सूचना पर थानाधिकारी करणी सिंह शेखावत मय जाप्ता के मौके पर पहुंचे और 20 बच्चे और 14 लोगों को सीएचसी में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हकील, हाफिया, सलमा बेगम, रूबी, उम्मेद खान और अफरिया को जयपुर रैफर कर दिया। विधायक अमीन कागजी घायलों से मिलने एसएसएम अस्पताल पहुंचे।
फोटो - प्रतीकात्मक
वहीं श्रीगंगानगर के पदमपुर थाना इलाके में गांव 16 बीबी के समीप रविवार शाम करीब सात बजे सवारियों से भरी बालवाहिनी टायर फटने के कारण पलट गई। हादसे में बालवाहिनी में सवार एक जने की मौत हो गई तथा करीब 15 जने घायल हो गए। वहीं अन्य सवारियों को चोटें आई हैं। यह लोग रामसिंहपुर में मर्ग से होकर आ रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस को हटवाकर रास्ता साफ किया। पदमपुर थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि गांव चार सी मटीलीराठान के लोग अपनी घर की बालवाहिनी में रविवार को करीब 30-35 परिवार व रिश्तेदार आदि मर्ग में शामिल होने के लिए रामसिंहपुर गए थे। वहां से वापस आते समय गांव 16 बीबी में बालवाहिनी का अचानक पिछला टायर फट गया। टायर फटने से बस पलट गई। हादसे के दौरान यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।