जयपुर

Road Accident: जयपुर में 10 घंटे में 4 लोगों की हुई मौत, ट्रैक्टर और SUV ने कुचला

Jaipur Road Accident: जयपुर में झोटवाड़ा क्षेत्र का कालवाड़ रोड महज 10 घंटे में चार मौतों का गवाह बना। सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई।

2 min read
Feb 18, 2026
सांकेतिक तस्वीर, मेटा एआइ

Jaipur Road Accident: जयपुर में झोटवाड़ा क्षेत्र का कालवाड़ रोड महज 10 घंटे में चार मौतों का गवाह बना। सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। पहला हादसा तेज रफ्तार एसयूवी से हुआ, जिसमें स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दूसरा हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुआ, जिसमें एक महिला और एक युवक ने दम तोड़ दिया। एक हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ, जबकि दूसरे मामले में नशे में धुत ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

दुर्घटना थाना (पश्चिम) के थानाधिकारी रामकृपाल मीणा ने बताया कि सोमवार देर रात महाराणा प्रताप स्कूल चौराहे के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और चालक वाहन समेत फरार हो गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नीमकाथाना निवासी मोहित शर्मा (23) और भरतपुर के कुम्हेर निवासी वीरेंद्र सिंह (40) ने दम तोड़ दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

किराए पर रहते थे, खाना खाने निकले

वीरेंद्र और मोहित पांच्यावाला इलाके में एक ही मकान में किराए से रहते थे। सोमवार रात दोनों कालवाड़ रोड पर खाना खाने निकले थे, इसी दौरान हादसा हो गया। वीरेंद्र एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था, जबकि मोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

शराब के नशे में गलत दिशा में आकर मचाई अफरा-तफरी

वहीं मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खिरणी फाटक गणेश मंदिर के पास गलत दिशा से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे खड़ी महिला और सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया। हादसे में सीता विहार निवासी कौशल्या देवी (59) और गणेश नगर नींदड़ निवासी आदित्य नागवंशी (35) की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक मध्यप्रदेश निवासी सुधीर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह शराब के नशे में पाया गया।

Updated on:
18 Feb 2026 02:19 am
Published on:
18 Feb 2026 02:02 am