राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) अध्यक्ष संजय कुमार श्रोत्रिय का कार्यकाल 1 अगस्त को खत्म होगा। राज्य सरकार को अगस्त में नया अध्यक्ष तलाशना होगा।
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के लिए राज्य सरकार को अगस्त में नया अध्यक्ष तलाशना होगा। अध्यक्ष संजय कुमार श्रोत्रिय का कार्यकाल 1 अगस्त को खत्म होगा। इसके अलावा रिक्त पद पर सदस्य की नियुक्ति भी करनी होगी। आयोग अध्यक्ष श्रोत्रिय ने 16 फरवरी 2022 को कार्यभार सम्भाला था। नियमानुसार अध्यक्ष अथवा सदस्य 62 साल की उम्र तक ही पद पर रह सकते हैं। इस लिहाज से श्रोत्रिय का कार्यकाल 1 अगस्त को पूरा हो जाएगा।
भाजपा राज में दो बार पद रिक्त
भाजपा के पिछले कार्यकाल में आयोग में दो बार अध्यक्ष का पद रिक्त रहा था। साल 2017 में 10 जुलाई को डॉ. ललित. के. पंवार के बाद तत्कालीन भाजपा सरकार ने सदस्य श्याम सुंदर शर्मा को अध्यक्ष नियुक्त किया। शर्मा का कार्यकाल 28 सितम्बर 2017 को खत्म हो गया था। सरकार ने 80 दिन बाद डॉ. राधेश्याम गर्ग को अध्यक्ष नियुक्त किया था। डॉ. गर्ग का कार्यकाल 1 मई 2018 को खत्म होने के 82 दिन बाद सरकार ने दीपक उप्रेती को अध्यक्ष बनाया था। जबकि कांग्रेस राज में महज एक-दो दिन ही अध्यक्ष का पद रिक्त रहा है।
वरिष्ठ सदस्य को देते हैं प्रभार
नियमानुसार आयोग के स्थाई अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने पर वरिष्ठ सदस्य को पदभार देने की परम्परा रही है। लेकिन वसुंधरा सरकार के कार्यकाल में दो बार इस परिपाटी को तोड़ा गया। किसी वरिष्ठ सदस्य को प्रभार नहीं देने से आयोग में सिर्फ सामान्य कामकाज ही चला।
सदस्य का एक पद रिक्त
आयोग में मौजूदा समय डॉ. संगीता आर्य, डॉ. मंजू शर्मा, प्रो. अयूब खान, लेफ्टिनेंट कर्नल केसरीसिंह राठौड़, और के.सी. मीणा सदस्य हैं। सदस्य डॉ. जसवंत राठी की हाल में मृत्यु होने से पद रिक्त हुआ है। जबकि सदस्य बाबूलाल को वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2022 के पेपर लीक मामले में एसओजी ने गिरफ्तार किया था। वह निलंबित चल रहा है।