जयपुर

SMS Hospital : नए उपकरणों की नहीं हुई खरीद, रोबोट ताले में…सर्जरी बंद

सवाई मानसिंह अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करवाने के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं।

2 min read
May 10, 2024

Jaipur News : सवाई मानसिंह अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करवाने के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। हालात ये हैं कि जिम्मेदार रोबोट के उपकरण ही नहीं खरीद पा रहे हैं। इस कारण रोबोट को ताले में रखना पड़ रहा है। रोबोटिक सर्जरी फिर से कब शुरू होगी इसका भी किसी के पास जवाब नहीं है। मरीज भी परेशान हो रहे हैं।

दरअसल, सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में गत वर्ष फरवरी में 50 करोड़ की लागत से दो रोबोट लाए गए थे। इसमें से एक रोबोट को एसएमएस सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के यूरोलोजी विभाग के ऑपरेशन थियेटर व दूसरे को एसएमएस अस्पताल के जनरल सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थियेटर में इंस्टॉल किया गया था। बताया जा रहा है कि यूरोलोजी विभाग में रोबोटिक सर्जरी चालू है, लेकिन जनरल सर्जरी विभाग ने रोबोटिक सर्जरी बंद कर रखी है। बातचीत में विभाग के चिकित्सकों का कहना है कि रोबोट के साथ जो उपकरण आए थे, वो पूरे हो गए। इसलिए करीब एक माह से रोबोटिक सर्जरी नहीं हो पा रही है। उपकरण आने के बाद ही सर्जरी शुरू हो पाएगी। अस्पताल प्रशासन को कई बार डिमांड भेजी जा चुकी है लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है।

पैकेज कोड बना न गाइड लाइन

रोबोट को आए सवा साल बीत चुका है उसके बावजूद सरकार ने इसकी कोई गाइड लाइन नहीं बनाई। यहां तक कि पैकेज कोड भी तय नहीं किया गया। किस मरीज की सर्जरी होगी, कितना चार्ज लिया जाएगा या नहीं। कुछ भी तय नहीं हो पाया है। सर्जरी में काम आने वाले उपकरणों की खरीद कौन करेगा, कैसे होगी। यह स्थिति भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। दूसरी ओर रोबोट की गारंटी व वारंटी भी खत्म होने वाली है। इससे साफ जाहिर है कि सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं है।

इनका कहना है...

आचार संहिता के कारण उपकरणों की खरीद नहीं हो सकी। स्वीकृति मिल गई है। जैसे ही उपकरण आएंगे तुरंत सर्जरी चालू कर देंगे। रोबोटिक सर्जरी के पैकेज कोड को लेकर भी कवायद चल रही है, लगभग पूरा हो चुका है। -डॉ. प्रभा ओम, विभागाध्यक्ष, जनरल सर्जरी विभाग, एसएमएस अस्पताल

Also Read
View All

अगली खबर