
SMS Stadium News: जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम इस बार आईपीएल मुकाबलों से पहले नए रंग-रूप में नजर आएगा। राज्य सरकार करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से स्टेडियम में बड़े स्तर पर सुधार कार्य करवा रही है। ग्राउंड, स्टैंड, फ्लड लाइट, पवेलियन और बिजली व्यवस्था सहित हर हिस्से को अपडेट किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। जानकारी खेल सचिव नीरज कुमार पवन दी है।
स्टेडियम में लगी करीब 18 हजार कुर्सियों में से टूटी सीटों को बदला जा रहा है। इसके अलावा 4 हजार नई कुर्सियां भी लगाई जाएंगी। पूरे स्टेडियम में पेंटिंग का काम जारी है और इस बार मैचों के दौरान पूरा स्टेडियम गुलाबी रंग में नजर आएगा। ईस्ट स्टैंड के पीछे अतिरिक्त सीटें लगाने और खेल भवन क्षेत्र में भी दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पर मंथन चल रहा है।
दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खुले बिजली तारों और बॉक्स को कवर किया जा रहा है। साउथ पवेलियन के फर्स्ट फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिसिटी रूम को ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया जा रहा है। स्टेडियम की मजबूती जांचने के लिए 35 हजार किलो वजन रखकर लोड टेस्ट किया गया है, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या न आए।
परिसर में जमा 7 से 8 टन कबाड़ भी हटाया गया है।
करीब 18 साल पहले लगी फ्लड लाइट्स को हटाकर अब नई तकनीक वाली LED फ्लड लाइट लगाई जाएंगी। इनमें रोशनी का स्तर जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा किया जा सकेगा। इससे ऊर्जा की बचत होगी और संचालन आसान होगा। नॉर्थ और साउथ पवेलियन के पुराने एसी भी बदले जा रहे हैं, ताकि दर्शकों को गर्मी से राहत मिले। इसके अलावा 25 लाख रुपए की लागत से 250 KVA का एडवांस जनरेटर खरीदा गया है, जिससे बिजली बाधित होने की स्थिति में सप्लाई जारी रहेगी।
साउथ पवेलियन (शेन वॉर्न गैलरी) के साथ खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम और टॉयलेट्स का भी नवीनीकरण किया जा रहा है। सरकार ने मार्च तक सभी काम पूरे करने का लक्ष्य रखा है, ताकि अप्रैल में होने वाले आईपीएल मुकाबलों के दौरान स्टेडियम विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ तैयार रहे।