जयपुर

Rajasthan Holiday 2024: राज्य सरकार ने 2024 की छुट्टियों और व्रत-त्योहार का कैलेंडर किया जारी, यहां देखें लिस्ट

Rajasthan Holiday 2024: राज्य सरकार ने सोमवार को वर्ष 2024 के कैलेंडर के अवकाशों की घोषणा कर दी। इसके अनुसार अगले वर्ष में 32 सार्वजनिक और 21 ऐच्छिक अवकाश रहेंगे।
2 min read
Oct 10, 2023
rajasthan_holiday_2024.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क/जयपुर। Rajasthan Holiday 2024: राज्य सरकार ने सोमवार को वर्ष 2024 के कैलेंडर के अवकाशों की घोषणा कर दी। इसके अनुसार अगले वर्ष में 32 सार्वजनिक और 21 ऐच्छिक अवकाश रहेंगे। वहीं, दीपावली 31 अक्टूबर को है, जबकि प्रदेश के विभिन्न ज्योतिषियों व पंचांग निर्माताओं की ओर से जारी कैलेंडर में दिवाली एक नवंबर को है। उधर, केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेशों में वर्ष 2024 में 31 अक्टूबर को ही दिवाली पर्व का उल्लेख किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार दीपावली का अवकाश 31 अक्टूबर, गोवर्धन पूजा व अन्नकूट 2 नवंबर और भैया दूज का अवकाश 3 नवंबर को है। शहर के प्रमुख ज्योतिषियों के अनुसार वर्ष 2024 में दो दिन प्रदोष व्यापिनी अमावस्या के कारण सरकारी कैलेंडर और पंचांग में अलग-अलग दिन दिवाली पर्व की स्थिति बनी है।

जानकारों की मानें तो सरकारी कैलेंडर में व्रत-त्योहार निर्धारित करने से पहले राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख पंचांगकर्ता और विभिन्न धर्मों के प्रमुखों से सलाह लेती है व उनसे आगामी वर्ष के पर्व-त्योहारों की सूची भी मांगी जाती है। पंचांग निर्माताओं की मानें तो उन्होंने सरकार को दीपावली के लिए एक नवंबर, 2024 की तारीख ही भेजी थी।

2024 : सरकारी कैलेंडर में ये रहेंगे त्योहार
पर्व/तारीख
होली-24 मार्च
धुलंडी-25 मार्च
रामनवमी-17 अप्रेल
रक्षाबंधन-19 अगस्त
जन्माष्टमी-26 अगस्त
विजयादशमी-12 अक्टूबर
दीपावली-31 अक्टूबर

इसलिए बनी स्थिति
पं. आदित्य मोहन शर्मा ने बताया कि पूर्वी तथा उत्तरी राजस्थान के साथ ही यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, बिहार, हरियाणा व पंजाब सहित देश के 80 प्रतिशत हिस्से में एक नवंबर को सूर्यास्त के बाद अमावस्या 24 मिनट तक ही रहेगी। इसलिए इन क्षेत्रों में इसी दिन दिवाली मनाई जाएगी। वहीं, राजस्थान के पश्चिमी भाग, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, गोवा, दमन-दीव में एक नवंबर को सूर्यास्त के बाद 24 मिनट तक अमावस्या की तिथि नहीं है। अत: इन जगहों पर दीपावली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। शास्त्र सम्मत 31 अक्टूबर को ही दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।

धर्म शास्त्र निर्णय सिंधु के अनुसार दो दिन अमावस्या प्रदोष व्यापिनी हो तो दीपावली अगले दिन मनानी चाहिए। यदि अमावस्या दोनों दिन प्रदोषकाल को स्पर्श न करे तो दीपावली दूसरे दिन ही मनानी चाहिए। ऐसे में अगले वर्ष दिवाली एक नवंबर को मनाई जाएगी। पं. चन्द्रशेखर शर्मा, ज्योतिर्विद

Published on:
10 Oct 2023 11:48 am