जयपुर

संस्कृति में दिखी नौ रसों के अलहदा रूप की झलक

-700 से अधिक बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
less than 1 minute read
kids
संस्कृति में दिखी नौ रसों के अलहदा रूप की झलक

रवींद्र मंच के मुख्य सभागर में शुक्रवार को भारतीय संस्कृति के अनोखे रंग देखने को मिले। गुजराती गरबा और राजस्थानी लोकनृत्य घूमर की सुर-ताल पर आकर्षक लिबास में लयबद्ध कदम थिरकाते बच्चों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शुक्रवार को रवींद्र मंच पर संस्कृति टाइटल से संजोए गए मानसरोवर स्थित किड्स क्लब स्कूल के 17वें एनुअल फंक्शन में करीब 700 से अधिक स्टूडेंट्स की रंगारंग प्रस्तुतियों से संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। कार्यक्रम का खास आकर्षण नवरस की प्रस्तुति रही। इसमें स्टूडेंट्स ने रौद्र, हास्य, करुण, वीर, शृंगार, प्रेम और शांति जैसे रसों से लबरेज नौ अलहदा रूप देखने को मिले, जिसे दर्शकों की भरपूर सराहना मिली। कार्यक्रम में ‘देश रंगीला’, ‘टंग-टंग बाजे’, ‘अप्सरा’ जैसे गीतों पर आकर्षक नृत्यों के अलावा उत्तर और दक्षिण के फ्यूजन डांस तिरुवातिरा व भांगड़ा नृत्य ने भी माहौल में उत्सवी सुरूर भर दिया। स्कैटिंग और पिरामिड में बच्चों ने शारीरिक क्षमता से रूबरू कराया। इससे पहले किड्स क्लब फाउंडेशन की प्रेसिडेंट मोनिशा पाठक ने एनुअल रिपोर्ट पेश की। अंत में प्रिंसिपल सावित्री नय्यर ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।

Published on:
29 Dec 2018 08:12 pm