शिक्षा मंत्री ने शिक्षक दिवस पर खड़ा किया विवाद: कांग्रेस-भाजपा में बांट दिए शिक्षक, कहा भाजपा सरकार में जिन्हें राजनीतिक द्वेषता से हटाया, उन्हें देंगे मनचाही पोस्टिंग
जयपुर. शिक्षक दिवस ( Teachers Day ) पर शिक्षा मंत्री ( Education Minister ) गोविन्द सिंह डोटासरा ( Govind Singh Dotasara ) ने शिक्षकों को भी भाजपा-कांग्रेस के धड़ों में बांट दिया। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में गुरूवार को आयोजित कांग्रेस ( Congress ) शिक्षक प्रकोष्ठ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में उन्हीं शिक्षकों को जिला एवं संभाग मुख्यालय पर पदस्थापित किया गया जो भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ( RSS ) की विचारधारा से जुड़े थे। इसके उलट कांग्रेस विचारधारा से जुड़े शिक्षकों को दूर-दराज इलाकों में पोस्टिंग दी गई। भाजपा सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से कांग्रेस विचारधारा से जुड़े शिक्षकों को हटाकर उनकी जगह अपने चहेतों को लगाया। राज्य सेवा नियम के अनुसार कोई भी कर्मचारी किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ सकता। ऐसे में सरकारी नियमों के विपरीत बोलकर स्वयं शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने ही शिक्षकों को पार्टियों में बांटकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए डोटासरा बोले कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ( Sachin Pilot ) ने भी उन्हें कहा है कि भाजपा सरकार में जिनको राजनीतिक आधार पर प्रताडि़त किया गया है, उनको न्याय मिलना चाहिए। अब ऐसे पीडि़त शिक्षकों के साथ सौ फीसदी न्याय किया जाएगा। उनके आवेदनों पर पार्टी मुख्यालय में ही कार्यवाही की जाएगी। डोटासरा ने कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ से जुड़े शिक्षकों से कहा कि जो शिक्षक राजनीतिक रूप से प्रताडि़त हैं, वे अपने आवेदन दें, उसके बाद पार्टी कार्यालय में चर्चा करके उनके स्थानांतरण किए जाएंगे।
राजीव गांधी के जन्मदिन पर जिला व ब्लॉक स्तरीय समारोह
समारोह में शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इस साल जिला व ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2 अक्टूबर पर गांधी जयंती पर आयोजित किया जाएगा। अगले वर्ष से ब्लॉक व जिला स्तरीय कार्यक्रम राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के अवसर पर 20 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दौरान तकनीकी व संस्कृत शिक्षा राज्यमंत्री सुभाष गर्ग और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी ने भी अपने विचार रखे।