
जयपुर. टोंक. एशिया कप के लिए शनिवार को टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई। भारतीय टीम में राजस्थान में टोंक जिले के 20 साल के खलील अहमद को शामिल किया गया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील ने दो प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं लेकिन उन्हें लिस्ट-ए व टी-20 क्रिकेट का अच्छा अनुभव है।
खलील का अगले साल विश्व कप खेलने का लक्ष्य
टोंक के खलील अहमद का अगले वर्ष विश्व कप में खेलने का लक्ष्य है। एशिया कप के लिए टीम इंडिया में चुने गए खलील ने बताया कि वह इस मौके का भरपूर लाभ उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर 2019 में इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाने का प्रयास भी करेंगे। पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और तेज गेंदबाज जहीर खान से टिप्स ले चुके खलील 2016 में अंडर-19 विश्व कप की उपविजेता भारतीय टीम के सदस्य भी रहे थे। खलील ने कहा कि मेरे आदर्श राहुल द्रविड़ और जहीर खान हैं। मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जहीर से ज्यादा विकेट लेना चाहता हूं। बकौल खलील, मुझे अंडर-19 विश्व कप और इंडिया-ए से खेलने का लाभ मिला।
पहले नाराज थे, आज खुशी का ठिकाना नहीं
खलील ने 10 साल की उम्र में चोरी-छुपे क्रिकेट खेलना शुरू किया था। हालांकि इससे पेशे से मेल नर्स उनके पिता खुर्शीद अहमद नाराज भी थे, लेकिन अब टीम इंडिया में चयन होने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। खलील के चयन पर शनिवार को मछली बाजार स्थित उनके घर में ईद की तरह खुशियां मनाई गई। जिला क्रिकेट संघ के खिलाडिय़ों ने आतिशबाजी की और मिठाई खिलाई।
द्रविड़ ने पहचानी प्रतिभा
खलील राजस्थान की जूनियर टीम की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अंडर-19 टीम के कोच द्रविड़ की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने टीम इंडिया के कैम्प में उन्हें बुला लिया। फिर अंडर-19 टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
आइपीएल में भी खेले
20 साल के तेज गेंदबाज खलील ने अब तक केवल दो प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। वह इंडिया-ए टीम के सदस्य भी रहे। यही नहीं, खलील आइपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली डेयर डेविल्स टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।