
बीएल संतोष के भाजपा प्रदेश कार्यालय पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए (पत्रिका फोटो)
Rajasthan Civic Body Elections: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। बीएल संतोष के जयपुर दौरे को निकाय चुनाव से पहले पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी प्रबंधन की समीक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
नगरीय निकाय चुनाव को बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से एक तरह के 'सेमीफाइनल' के तौर पर देख रही है।
ऐसे में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री का राजस्थान दौरा पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टिकट वितरण को लेकर कई शहरों और कस्बों में सामने आई नाराजगी, विरोध-प्रदर्शन और बागी उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में उतरने के बाद केंद्रीय नेतृत्व की नजर अब डैमेज कंट्रोल पर भी है।
बीएल संतोष अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। प्रस्तावित बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की जमीनी स्थिति, बूथ स्तर के प्रबंधन और टिकट वितरण के बाद पैदा हुई परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी उन सीटों की भी समीक्षा कर सकती है, जहां बागियों या असंतुष्ट नेताओं के कारण बीजेपी के आधिकारिक प्रत्याशियों के सामने चुनौती बढ़ी है।
बीजेपी संगठन चुनावी मैदान में स्थानीय स्तर पर नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को साधने की रणनीति पर भी चर्चा कर सकता है। वरिष्ठ नेताओं के जरिए बातचीत और मध्यस्थता के साथ असंतुष्ट नेताओं को संगठन में जिम्मेदारियां देकर सक्रिय रखने पर भी मंथन संभव है।
बीएल संतोष पार्टी के चुनावी वॉर रूम, प्रचार अभियान और बूथ नेटवर्क की तैयारियों का भी फीडबैक लेंगे। वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं और चुनावी टीमों की सक्रियता, संगठन की कमजोर कड़ियों तथा जिन इलाकों में अतिरिक्त राजनीतिक और संगठनात्मक मजबूती की जरूरत है, उनकी भी समीक्षा की जाएगी। इस दौरान मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें सरकार की उपलब्धियों को स्थानीय निकायों के मुद्दों के साथ जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
आमतौर पर स्थानीय निकाय चुनावों के बीच राष्ट्रीय संगठन महामंत्री का इस तरह राजस्थान प्रवास कम ही देखने को मिलता है। ऐसे में संतोष का दौरा यह संकेत देता है कि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व इन चुनावों को गंभीरता से ले रहा है। निकाय चुनाव के नतीजों को पार्टी आगामी पंचायती राज चुनाव और विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की ताकत, चुनावी प्रबंधन और प्रदेश के राजनीतिक माहौल के महत्वपूर्ण संकेतक के रूप में देख रही है।
Updated on:
04 Sept 2026 11:12 am
Published on:
04 Sept 2026 11:12 am
