जयपुर

आपणी लाड़ो रैली से गूंजा बेटी शिक्षा और सम्मान का संदेश

Aug 01, 2026
Rajasthan

राहोली में छात्र-छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
निवाई. बेटी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जब गांव की गलियों में गूंजा तो राहोली का माहौल जागरूकता और उत्साह से भर उठा। राज्य सरकार के आपणी लाड़ो अभियान के तहत पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर समाज को बेटियों को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित भविष्य देने का संदेश दिया। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह नरूका ने हरी झंडी दिखाकर किया।
अभियान प्रभारी चन्दा लाटा ने बताया कि रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। विद्यार्थियों के हाथों में आकर्षक तख्तियां और बैनर थे, जिन पर अंकित संदेशों ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, शिक्षित बेटी-समृद्ध समाज, लाड़ो पढ़ेगी-देश बढ़ेगा, बेटी है सम्मान, यही है राष्ट्र की पहचान तथा बेटियों को दें शिक्षा और सम्मान, तभी बनेगा भारत महान जैसे प्रेरक नारों से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा।
रैली के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बालिकाओं के अधिकार, लैंगिक समानता और शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर देना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
फोटोकेप्शन
एनई3107सीबी-निवाई. रैली निकालते राहोली स्कूल के विद्यार्थी।

Updated on:
01 Aug 2026 06:01 am
Published on:
01 Aug 2026 06:01 am