जयपुर जिले के लोगों के लिए बजट में कई बड़ी घोषणाएं हुई हैं। वहीं दूदू जिला निरस्त होने के बाद लोगों की नाराजगी दूर करने के प्रयास भी बजट में दिखे।
दूदू-फागी। वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को भजनलाल सरकार का दूसरा बजट पेश किया। जयपुर जिले के लोगों के लिए बजट में कई बड़ी घोषणाएं हुई हैं। वहीं दूदू जिला निरस्त होने के बाद लोगों की नाराजगी दूर करने के प्रयास भी बजट में दिखे। दूदू विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए भी बजट में कई सौगात मिली, जिसमें उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के प्रयासों की भी झलक भी दिखाई दी है।
दूदू व बगरू के लोगों के लिए पेयजल समस्या के निस्तारण के प्रयास किए गए हैं। वहीं सड़कों की सेहत पर भी सरकार ने जोर दिया है ताकि लोगों को सुरक्षित सफर मुहैया हो सके। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं की गई हैं। पशुपालकों को भी राहत दी गई है।
दूदू में प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है। इसके साथ ही फागी के मोहनपुरा में नए औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा की गई है। इसके साथ ही महलां में नई पुलिस चौकी खुलेगी वहीं मौजमाबाद में पुलिस थाने के भवन का निर्माण कराया जाएगा। जोबनेर को भी ट्रोमा सेंटर की बड़ी सौगात मिली है। वहीं बगरू में बस स्टैंड पर सुविधाओं का विस्तार होगा।