
Albert Hall Museum : राजधानी का अल्बर्ट हॉल म्यूजियम अंतरराष्ट्रीय मापदंडो के अनुसार अपग्रेड होगा। इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ म्यूजियम (आइसीओएम) के पैरामीटर के अनुसार सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके बाद यहां पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए इसी सप्ताह सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। ये सलाहकार पहले डीपीआर तैयार करेंगे। इसके अनुसार ही म्यूजियम को अपग्रेड किया जाएगा। इस काम पर करीब 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने डीपीआर तैयार करने के लिए जो टेंडर मांगे थे, वे खुल चुके हैं। अब सलाकार नियुक्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग यह काम आमेर विकास प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से करा रहा है। अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में वॉल पेटिंग्स और पुरावस्तुओं के संरक्षण का काम होगा। इसके साथ ही गैलरियों को अपग्रेड किया जाएगा।
कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए नए शो-केस तैयार किए जाएंगे, जिनमें अल्बर्ट हॉल में रखी कई पुरावस्तुओं को डिस्प्ले किया जाएगा। अभी अल्बर्ट हॉल में सैकड़ों पुरावस्तुएं बंद है। नए शो-केस बनने के बाद पर्यटक अधिक पुरा वस्तुओं को देख सकेंगे। वहीं, नए पेडस्टल बनाए जाएंगे। पुरावस्तुओं के अनुरूप ही म्यूजियम में लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों की मानें तो म्यूजियम में कई शो-केस बहुत पुराने हो चुके हैं। कुछ शो-केस अल्बर्ट हॉल की स्थापना के समय के ही है। ऐसे करीब 30 से अधिक शो-केस को बदलने की जरूरत है।
जयपुर अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा। यहां बेबी फीडिंग रूम और क्लॉक रूम बनाए जाएंगे। पीने के पानी की सुविधाओं के अलावा यहां टॉयलेट की सुविधा और पार्किंग भी विकसित की जाएगी।