5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में दिवाली से पहले बड़ा आदेश: आगजनी से निपटने के लिए 12 फायर स्टेशन 24 घंटे रहेंगे मुस्तैद, नोट करें इमरजेंसी नंबर

राजधानी जयपुर में दिवाली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए 12 फायर स्टेशन 24 घंटे अलर्ट रहेंगे। 6 से 11 नवंबर तक दमकलकर्मियों की दो पारियों में ड्यूटी रहेगी। 97 फायर सूट भी उपलब्ध कराए गए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 5 Nov 2026, 12:37 PM IST

jaipur fire alert diwali 2026

जयपुर नगर निगम के एक फायर स्टेशन पर फायरसूट पहन कर ट्रायल करते हुए (पत्रिका फोटो)

Jaipur Fire Alert Diwali 2026: दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए जयपुर नगर निगम प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। शहर में आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 6 से 11 नवंबर तक सभी 12 फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इस दौरान दमकलकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके लिए दो पारियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच सकें।

जयपुर नगर निगम के आदेश के अनुसार, पहली पारी सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक और दूसरी पारी शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक रहेगी। यानी सभी फायर स्टेशनों पर दिन-रात दमकलकर्मी मुस्तैद रहेंगे। निगम प्रशासन ने आगजनी की सूचना देने के लिए शहर के सभी फायर स्टेशनों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इसके साथ ही फायरकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें 97 फुल फायरसूट उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी मदद से आग बुझाने के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा मिल सकेगी।

आग लगने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

  • विश्वकर्मा (कंट्रोल रूम): 0141-2332573, 0141-2330080
  • झोटवाड़ा: 0141-2348852
  • बिंदायका: 0141-2240100
  • 22 गोदाम: 0141-2211258, 0141-2210093
  • मालवीय नगर: 0141-5132101, 0141-2755930
  • मानसरोवर: 0141-2395566, 8764879778
  • सीतापुरा: 8764879779
  • अपैरल पार्क: 8764880100
  • बनीपार्क (कंट्रोल रूम): 0141-2201898, 0141-2200926
  • घाटगेट: 0141-2615550, 0141-2567967, 0141-2600774
  • आमेर: 0141-2531282
  • चौगान: 0141-2411891, 8279179062
  • नोट: ये संपर्क नंबर नगर निगम की ओर से जारी सूची के अनुसार हैं।

पटाखे चलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही चलाएं।
  • आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनें। सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें, क्योंकि इनमें आग तेजी से पकड़ सकती है।
  • बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। आतिशबाजी के दौरान किसी बड़े व्यक्ति का उनके साथ रहना जरूरी है।
  • पटाखों को हाथ में पकड़कर न जलाएं। उन्हें जमीन पर रखकर सुरक्षित दूरी से जलाएं।
  • अस्पताल, पेट्रोल पंप और गैस गोदाम के आसपास पटाखे न चलाएं।
  • पटाखे जलाते समय पास में पानी से भरी बाल्टी और अग्निशमन यंत्र जरूर रखें।
  • जले हुए पटाखों को पानी में डालकर निष्क्रिय करें। अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें।

पटाखा विक्रेताओं के लिए भी जारी किए निर्देश

जयपुर नगर निगम प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वाले दुकानदारों के लिए भी सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पटाखों का भंडारण और बिक्री केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही की जा सकेगी। दुकानदारों को अपनी दुकानों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र और पानी से भरी बाल्टियां रखनी होंगी।

इसके अलावा दुकानों और भंडारण स्थलों पर बीड़ी, सिगरेट तथा किसी भी तरह की खुली आग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बिजली की सुरक्षित वायरिंग सुनिश्चित करनी होगी, ताकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने का खतरा न रहे। पटाखों के आसपास किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण नहीं किया जा सकेगा।

नगर निगम प्रशासन ने दिवाली के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आमजन से भी अपील की गई है कि वे आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह की आगजनी की घटना होने पर तुरंत संबंधित फायर स्टेशन को सूचना दें।