जयपुर

तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की दूसरी सूची भी जारी

तृतीय श्रेणी के माध्यमिक शिक्षा में लगे शिक्षकों की सूची देर रात की जारी, प्रदेशभर में करीब 5 हजार से अधिक शिक्षकों की सूची जारी, अंतर जिला की सूची निदेशालय से होगी जारी
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2018, 9:40 AM IST
Third Grade Teachers Transfers Second List Issued
Third Grade Teachers Transfers Second List Issued

जयपुर। बहुप्रतीक्षित तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की दूसरी सूची देर रात जारी की गई। इस सूची में माध्यमिक शिक्षा में लगे तृतीय श्रेणी शिक्षकों को जिले में ही इधर—उधर किया गया है। अभी अन्त: जिला तबादला सूची जारी की गई है। जिले से दूसरे जिले के लिए अंतर जिला सूची भी जल्द ही एक दो दिन में जारी होगी। अंतर जिला सूची भी तैयार है, बस उच्चाधिकारियों से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।

जिला शिक्षा अधिकारियों ने जारी की सूची
इस बार जिले में ही जो तबादले किए गए हैं उन तबादला सूचियों पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने हस्ताक्षर किए हैं। सुबह तक करीब 8 जिलों की सूची नहीं आई, शिक्षक सूची के लिए परेशान होते रहे। ये वे शिक्षक हैं जो माध्यमिक शिक्षा के स्कूलों में लगे हुए हैं। लंबे समय से ये तबादलों का इंतजार कर रहे थे। चुनावी वर्ष होने से सरकार ने इस बार तबादलों से बैन हटाया है और शिक्षा विभाग में सभी शिक्षकों के तबादले हो रहे हैं। गौरतलब है कि पहली सूची कुछ दिनों पहले ही जारी हुई थी, जिसमें करीब 12 हजार 82 शिक्षकों के तबादले किए गए थे। अब अंतर जिला सूची जारी होनी है, जो निदेशालय से जारी होगी।

करीब 5 हजार शिक्षकों को किया इधर—उधर
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों की दूसरी सूची में करीब 5 हजार शिक्षकों को जिले में ही इधर उधर किया गया है। शिक्षक सूची देखने के लिए परेशान होते रहे। प्रदेशभर के जिलों की सूची विभाग की वेबसाइट पर एक साथ अपलोड करने से वह भी हैंग हो गई। वेबसाइट पर लोड अधिक होने से सूचियां ही नहीं खुली।

नहीं आई कई जिलों की सूची
सुबह करीब 8 बजे कई जिलों की सूची नहीं आई, जिससे शिक्षक परेशान होते रहे। जयपुर जिले की सूची भी सुबह तक नहीं मिली। जानकारी के अनुसार जयपुर जिले में करीब 200 से अधिक शिक्षकों को जिले में ही इधर—उधर किया गया है।

Published on: