
लांगरा. कस्बे से मां वैष्णो देवी की 14वीं पैदल यात्रा बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। मंडरायल तहसीलदार जगराम मीना और मंडरायल विकास अधिकारी विजय सिंह मीना ने मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भक्त मंडल की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
यात्रा रवाना होने से पहले आरएसी परिसर स्थित मंदिर में विराजमान मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडित महेश शर्मा दैमोली ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद यात्रा के अग्रभाग में चलने वाले ध्वज का पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी दानदाताओं, भक्त मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों का माल्यार्पण कर तथा मिष्ठान भेंट कर सम्मान किया गया।
भक्त मंडल के अध्यक्ष रमेश चंद्र मीना ने बताया कि यात्रा 17 अगस्त को जम्मू-कटरा पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा राजस्थान, हरियाणा और पंजाब से होकर लगभग 52 स्थानों पर विश्राम करते हुए मां वैष्णो देवी के दरबार तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि लांगरा से मां वैष्णो देवी के लिए निकाली जा रही यह 14वीं पैदल यात्रा है।
इस अवसर पर भक्त मंडल के अध्यक्ष रमेश चंद्र मीना, सक्रिय सदस्य राजाभाई जागीरदार, धर्मेश जिंदल, सागर सिंह, जगदीश प्रसाद व्यास, ब्रह्मानंद बाकीवाला, जगदीश मीना, रामकिशन मीना, ओमप्रकाश गौड़, भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।