water supply department: राजधानी के परकोटे क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल लाइनों को बदलने का अभी लोग इंतजार कर रहे है। इस बीच सरकार ने जगतपुरा, गैटोर व बाइजी की कोठी क्षेत्र के लोगों के लिए जरूर राहत दी है।
जयपुर। राजधानी के परकोटे क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल लाइनों को बदलने का अभी लोग इंतजार कर रहे है। इस बीच सरकार ने जगतपुरा, गैटोर व बाइजी की कोठी क्षेत्र के लोगों के लिए जरूर राहत दी है। दो साल में इन क्षेत्रों में 130 करोड़ रुपए खर्च कर पेयजल वितरण तंत्र को मजबूत किया जाएगा।
अगर तय समय पर काम हुआ तो जगतपुरा, गैटोर व बाइजी की कोठी क्षेत्र की करीब एक लाख से अधिक आबादी को पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा।जलदाय विभाग के अफसरों की मानें तो जगतपुरा, गैटोर व बाइजी की कोठी क्षेत्र में पेयजल लाइन करीब 30 साल पुरानी है, जो 5 से 7 फीट गहराई पर है, ऐसे में पेयजल लीकेज होने या दूषित पानी की शिकायत पर उसे दुरुस्त करने में इंजीनियर्स के पसीने छूट जाते हैं। ऐसे में तीनों क्षेत्रों में पेयजल लाइनों को बदलने के साथ यहां घरों में प्रेशर से पानी पहुंचाने के लिए जलाशयों का निर्माण करवाया जाएगा।
बाइजी की कोठी क्षेत्र में यह होगा काम
जलदाय विभाग 46 करोड़ 37 लाख रूपए में बाइजी की कोठी, मॉडल टाउन और आसपास के क्षेत्र में सुचारू पेयजल आपूर्ति के लिए पंप हाउस का जीर्णोद्धार करवाएगा। इसके अलावा नए उच्च जलाशय का निर्माण होगा। बाइजी की कोठी और मॉडल टाउन क्षेत्र में नई पाइप लाइन जोड़ने और नई लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। इससे क्षेत्र की 50 हजार की आबादी को राहत मिलेगी।
जगतपुरा में यह होगा काम
जलदाय विभाग ने जगतपुरा क्षेत्र में 44 करोड़ 30 लाख रुपए में नए उच्च जलाशय, स्वच्छ जलाशय और पंप हाउस निर्माण का काम करेगा। इसके साथ ही जगतपुरा क्षेत्र में नई पाइप लाइन जोड़ने और बिछाने का काम होगा। योजना में मनोहरपुरा कच्ची बस्ती में जेडीए की ओर से आवंटित भूमि पर 18 लाख लीटर क्षमता का उच्च जलाशय, 18 लाख लीटर का भूतल जलाशय, करीब 80 किलोमीटर क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही 5 हजार जल कनेक्शन फिर से जोड़ने का काम होगा। इससे क्षेत्र की 32 हजार आबादी को लाभ मिलेगा।
गैटोर क्षेत्र में यह होगा काम
जलदाय विभाग गैटोर क्षेत्र में 37 करोड़ 16 लाख रुपए खर्च कर वर्तमान में स्थापित पंप हाउस का जीर्णोद्धार करेगा, इसके साथ ही नए उच्च जलाशय का निर्माण और संपूर्ण गैटोर क्षेत्र में नई पाइप लाइन जोड़ने एवं बिछाने के काम करेगा। इसमें उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के पीछे सिद्धार्थ नगर में 15 लाख लीटर क्षमता का उच्च जलाशय बनाया जाएगा। करीब 62 किलोमीटर में पाइप लाइन जोड़ने एवं बिछाने के अलावा 5500 नल कनेक्शनों को बदला जाएगा। इससे करीब 30 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।
इधर अभी सुध नहीं
जलदाय विभाग ने परकोटा क्षेत्र में पुरानी पेयजल लाइनों को बदलने का प्लान बनाया, लेकिन अभी तक इस धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है। परकोटा क्षेत्र के किशनपोल विधानसभा क्षेत्र, हवामहल विधानसभा क्षेत्र और आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में करीब 365 किलोमीटर क्षेत्र में पुरानी पेयजल लाइन बदली जानी है। हालांकि इसके लिए काम स्वीकृत हो चुका, टेंडर होने के बाद भी काम धरातल पर नहीं उतर रहा है।