
राजस्थान में 4 मई को IMD अलर्ट (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर कुदरत का कड़ा इम्तिहान होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका सबसे बड़ा प्रभाव 4 मई को देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 4 मई को प्रदेश में मौसम का व्यापक असर देखने को मिलेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने प्रदेश के 33 जिलों के लिए वज्रपात, मेघगर्जना, बारिश और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक रहेगा। अनुमान है कि बारिश से ठीक पहले 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कई जिलों में धूल के गुबार छाने और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल आशंका है।
अजमेर, अलवर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पश्चिमी विक्षोभ का अधिक असर देखने को मिलेगा।
वहीं, प्रदेश के 9 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। यहां आंधी की गति 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। हालांकि, यहां भी मेघगर्जना और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। येलो अलर्ट वाले जिलों में बांरा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, राजसमंद, उदयपुर, बालोतरा, पाली और फलौदी शामिल हैं।
बीते 24 घंटों की बात करें तो राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। मुख्य आंकड़ों के अनुसार पूर्वी राजस्थान के झुंझुनूं में सर्वाधिक 4 सेमी, चौथ का बरवाड़ा में 3 सेमी और लक्ष्मणगढ़ में 2 सेमी बारिश हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर तहसील में 2 सेमी और बीकानेर पीबीओ में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजस्थान में तापमान की बात करें तो जैसलमेर जिले में सबले अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अजमेर में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आंधी और बारिश का यह दौर आगामी एक सप्ताह तक रुक-रुक कर जारी रहने की संभावना है। अच्छी खबर यह है कि इस सक्रिय विक्षोभ के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा, जिससे हीटवेव से बड़ी राहत मिलेगी।
5 से 7 मई के दौरान भी जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में छिटपुट बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखें ताकि भीगने से नुकसान न हो। आमजन को आंधी के दौरान बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी गई है।
Updated on:
03 May 2026 06:55 pm
Published on:
03 May 2026 06:55 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
