
Rajasthan Weather Update: जयपुर. मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अल्पकालिक मौसम चेतावनी (Nowcast) जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार अजमेर, बूंदी, कोटा, बारां, सवाई माधोपुर, टोंक, भरतपुर, अलवर, जयपुर, दौसा, धौलपुर और करौली जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली चमकने की संभावना है।
इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है। हालांकि, विभाग ने इसे सामान्य प्रभाव वाली स्थिति बताया है, लेकिन सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जयपुर. मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही हरियाणा और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की स्थिति बनी हुई है।
4 मई को बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 से 9 मई तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग में अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कुछ दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।
इस मौसमी बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Updated on:
03 May 2026 04:49 pm
Published on:
03 May 2026 04:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
