उत्तरी पहाड़ी राज्यों से मरूधरा में आ रही सर्द हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी है, अगले दो दिन और गर्मी के तेवर नर्म रहने की मौसम विभाग ने जताई संभावना
जयपुर। प्रदेशवासियों को अगले दो दिन और धूप की तीखी चुभन से राहत मिलने वाली है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी के असर से मानों पहाड़ों की सर्दी प्रदेश के मैदानी इलाकों तक पहुंच गई है। फाल्गुन मास में उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवा ने प्रदेशवासियों को कंपकंपी छुड़ा दी है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश शहरों में अब भी रात में पारा औसत से ज्यादा दर्ज हो रहा है लेकिन शीतलहर के कारण गर्म कपड़ों से दूरी बना चुके लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का उपयोग करने पर सर्द मौसम ने विवश कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में भी मौसम सर्द रहने और तेज गति से सर्द हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
सुबह शाम में मौसम सर्द, धूप की तपन से राहत
प्रदेश में जयपुर समेत अधिकांश शहरों में बीते 48 घंटे में दिन में पारा औसत से कम रहा। हालांकि रात में अब भी तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज हो रहा है लेकिन शीतलहर के कारण हवा में नमी बढ़ने पर सर्दी का अहसास लोगों को हो रहा है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अगले दो दिन 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने पर प्रदेश में मौसम सर्द रहने की संभावना है। वहीं अगले 48 घंटे बाद फिर से मौसम शुष्क रहने और गर्मी के तेवर तीखे होने के आसार है।
गर्म कपड़ों में लिपटे आए नजर
बीते सप्ताह तक प्रदेश में मौसम में गर्माहट बढ़ने पर लोगों ने गर्म कपड़ों से दूरी बना ली लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता रहने पर मौसम ने भी रंग बदला। बीते तीन दिन पहले जयपुर और दौसा जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और घने कोहरे का असर फाल्गुन मास में दिखाई दिया। वहीं श्रीगंगानगर,हनुमानगढ़ और बीकानेर जिले में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम ने पलटा खाया। विक्षोभ गुजरने के बाद भी अब तक उत्तरी पहाड़ी राज्यों से आ रही तेज गति से सर्द हवाओं ने प्रदेशवासियों को फाल्गुन मास में ठिठुरन महसूस करा दी है।
चार जिले बीती रात सबसे सर्द
बीती रात उत्तरी हवा के असर से कई शहरों में पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई। शेखावाटी अंचल में सीकर जिला 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। भीलवाड़ा 7.4, चित्तौड़गढ़ 8.8, चूरू 8.8, माउंटआबू 8.8 और बीकानेर में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में भी सर्द हवा के कारण बीती रात पारा 3 डिग्री लुढ़क कर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना रात का तापमान
बीती रात प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान सामान्य या उसके आस पास दर्ज हुआ। अजमेर 11.9, अलवर 13.0, बाड़मेर 12.8,जैसलमेर 11.4, जोधपुर 11.7, कोटा 14.0, फलोदी 15.8, श्रीगंगानगर11.8 और डबोक में 12.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।