जयपुर

राजस्थान में बारिश, आंधी और ओलों का डबल अटैक, 20,21 मार्च को जयपुर समेत 24 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में मौसम ने चैत्र में सावन मास जैसे मेघ बरसे। जयपुर शहर में शुक्रवार को बौछारों ने सुबह का स्वागत किया और तापमान में तापमान में 3-5 डिग्री गिरावट होने पर गर्मी से बेचैन लोगों को बड़ी राहत मिली।

3 min read
Mar 20, 2026
पत्रिका फाइल फोटो

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में मौसम ने चैत्र में सावन मास जैसे मेघ बरसे। जयपुर शहर में शुक्रवार को बौछारों ने सुबह का स्वागत किया और तापमान में तापमान में 3-5 डिग्री गिरावट होने पर गर्मी से बेचैन लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में 19 से 21 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की थी।

ठीक उसी तरह मौसम ने बर्ताव भी किया और बीती रात से लेकर सुबह तक रिमझिम बौछारों का दौर जारी रहा है। मौसम केंद्र जयपुर ने शुक्रवार को प्रदेश के 8 जिलों में तेज बारिश और 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज गति से सर्द हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान में LPG Cylinder को लेकर बड़ा फैसला, इसके बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर, गैस एजेंसियों को आदेश जारी

जयपुर में बदला मौसम का मिजाज

जयपुर शहर में गुरूवार से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार तड़के तक जारी रहा। शहर के कुछ इलाकों को तेज बौछारों ने जमकर भिगोया। बारिश के चलते सुबह मॉर्निंग वॉक करने निकले लोग भी आज घरों में दुबके नजर आए। वहीं तापमान में गिरावट होने से गर्मी के तेवर भी नर्म रहे। बीते 24 घंटे में 3.6 डिग्री तक की गिरावट हुई। दोपहर में हल्की धूप के बाद शाम को वापस मौसम बदला। शाम को मौसम सुहाना हो गया।

विक्षोभ का आज सर्वाधिक असर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 21 मार्च तक स​क्रिय रहेगा। शुक्रवार को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की आशंका है। ऐसे में आज जयपुर समेत 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में 40- 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने और कहीं कहीं ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

बाड़मेर में सर्वाधिक बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र सक्रिय बना हुआ है। इसके चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा बाड़मेर में 16.6 मिमी रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और हल्की बारिश हुई। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। आंधी और बारिश के असर से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

इन शहरों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 20 मार्च को नागौर, अजमेर, जयपुर, सीकर, टोंक, झुंझुनूं, अलवर और दौसा जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की संभावना हे।

इन शहरों में आज येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को सवाईमाधोपुर, बूंदी, धौलपुर, भीलवाड़ा,बारां, कोटा, जोधपुर, पाली, चूरू, बीकानेर, उदयपुर, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने व 20 से 30 किमी प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता

प्रदेश में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश से खेतों में काटकर रखी फसलों को नुकसान हो रहा है तो दूसरी तरफ तेज गति से चल रही हवा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों की फसल आड़ी तिरछी गिरने से इस बार उपज कम होने की​ चिंता भी किसानों को सता रही है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्व में ही मौसम के संभावित बदलने वाले मिजाज को लेकर चेतावनी भी जारी की थी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan IAS-IPS Transfer: राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 25 आईएएस और 9 आईपीएस अफसरों के तबादले, देखें लिस्ट

Also Read
View All

अगली खबर