जयपुर

Mr Indian Hacker: राजस्थान के छोटे से गांव का युवा यूट्यूबर दिलराज सिंह रावत कैसे बना करोड़पति, जानिए पूरी कहानी

MR. INDIAN HACKER: एक दिन ऑनलाइन वीडियो देखते-देखते दिलराज सिंह रावत को यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड करने का आइडिया मिला। वह दोस्तों के साथ इसमें जुट गया। जानिए दिलराज की सफलता की कहानी-

3 min read
Jun 27, 2025
फोटो- सोशल मीडिया

जयपुर। सोशल मीडिया पर MR. INDIAN HACKER के नाम से चर्चित दिलराज सिंह रावत ( Dilraj Singh Rawat ) को जान से मारने की धमकी मिली है। ई-मेल के जरिए धमकी देने वाले ने दिलराज सिंह रावत से बतौर रंगदारी 80 लाख बिट-कॉइन की डिमांड की है। साथ ही कहा है कि रकम नहीं देने पर उसको, उसके परिवार और टीम के सदस्यों को शारीरिक नुकसान पहुंच सकता है। ई-मेल भेजने वाले ने खुद का लॉरेंस नामक आपराधिक संगठन से संबंध होने का दावा किया है। एसपी वंदिता राणा के आदेश पर अजमेर के आदर्शनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

जानिए दिलराज सिंह रावत की सफलता की कहानी

अजमेर के निकट छोटे से गांव बड़ल्या के दिलराज सिंह रावत पढ़ाई के बाद कॅरियर की तलाश में जुट गया। गांव में कुछ दोस्तों के साथ मिलकर टीम बनाई। वे यूट्यूब से हर महीने लाखों रुपए कमाई कर रहे हैं। उनके यूट्यूब चैनल MR. INDIAN HACKER के वर्तमान में 45.9M सब्सक्राइबर हैं। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद किताबी ज्ञान के सहारे दिलराज ने कामयाबी पाई है। दिलराज का जन्म 8 जनवरी 1996 को हुआ।

Mr Indian Hacker: यों आया आइडिया

एक दिन ऑनलाइन वीडियो देखते-देखते दिलराज को यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड करने का आइडिया मिला। वह दोस्तों के साथ इसमें जुट गया। इंटरनेट पर वीडियो बनाने से अपलोड करने तक उन्होंने ऑनलाइन सीखा। चार साल तक वीडियो और साइंस की बारीकियां सीखी। उसने 2016 में अपना यू-ट्यूब चैनल मिस्टर इंडिया हैकर की नींव डाली।

किताबी ज्ञान की प्रेक्टिकल नॉलेज

दिलराज के चैनल में साइंस के किताबी ज्ञान को प्रायोगिक रूप में इस्तेमाल किया। जैसे हवा कैसे काम करती हैं। पानी में कोई कार चली जाए तो उसे डूबने में कितना समय लगेगा। इनका पहले खुद ने प्रयोग किया और उसके रिजल्ट को अपलोड किया। इसमें खर्च हुआ तो कुछ डर लगा, लेकिन घर वालों और दोस्तों ने हिम्मत बढ़ाई। इससे चैनल चल निकला।

केवल ज्ञान को दिशा देने की जरूरत

दिलराज सिंह रावत का कहना है कि किताबों में हम काफी पढ़ते हैं। जैसे रिमोट कन्ट्रोल कार सब चलाते हैं, छोटे प्रोटोटाइप बना लेते हैं। लेकिन वास्तविक कार में हम ऐसा नहीं कर पाते हैं। लिहाजा उनकी 15 सदस्यों की टीम ने वास्तविक कार को रिमोट से कन्ट्रोल कर चलाया। इसमें लाखों रुपए खर्च किए। कार बनाने में दो महीने अधिक का समय लगा। इसके बाद यह प्रोजेक्ट पूरा हुआ।

दिखाई हवा, गैस से बदली आवाज

दिलराज के प्रयोग वक्त के साथ बढ़ते चले गए। उन्होंने एक वीडियो में हवा (एयर) को दिखाया है। वह गैस के प्रयोग से आदमी की आवाज बदलने का नवाचार कर चुके हैं।

नहीं है कोई टेक्निकल डिग्री

दिलराज और उसकी टीम के लोगों ने बी.टेक की डिग्री भी नहीं ली है। लेकिन साइंस के प्रयोग करने की ललक है। वे मशीनों को पूरा खोलते हैं। फिर वापस उन्हें जोड़ते है। इसी प्रैक्टिकल ज्ञान ने उन्हें बनाया है। लेकिन वे आज भी कई तरह की किताबें पढ़ते हैं।

कई युवाओं ने शुरू किए चैनल

दिलराज की सफलता को देखकर गांव के कई युवाओं ने अपने चैनल शुरू किए। मौजूदा वक्त देश की कई कंपनियां उनसे वीडियो बनवाती हैं। उनके चैनल से प्रमोशन भी करवाती है। इनमें कई विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं। दिलराज सिंह रावत देश के सबसे अ​मीर यूट्यूबर्स की सूची में शुमार हैं। उनकी सालाना आय करोड़ों में है।

Updated on:
27 Jun 2025 03:04 pm
Published on:
27 Jun 2025 02:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर