
जैसलमेर. विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर का रेलवे स्टेशन अब नए स्वरूप में यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित स्टेशन का उद्घाटन शीघ्र होने जा रहा है। हेरिटेज वास्तुकला और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान बनने जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन का पुनर्विकास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। नया स्टेशन यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। प्रतिदिन लगभग 35 हजार यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। नया मुख्य स्टेशन भवन जी 2 संरचना में करीब 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित किया गया है। भवन के बाहरी हिस्से में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे स्टेशन को स्थानीय स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप भव्य हेरिटेज स्वरूप मिला है।
विशाल प्रवेश और निकास द्वार इसकी आकर्षक पहचान को और प्रभावशाली बनाते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, प्लेटफॉर्मों को जोड़ने वाले छह मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, सुव्यवस्थित पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा 480 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। तीनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं, जिससे हर मौसम में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार यह पुनर्विकास केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और आधुनिक रेल सेवाओं का समन्वित स्वरूप है। उद्घाटन के बाद यह स्टेशन देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए जैसलमेर का पहला परिचय बनेगा और उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख आधुनिक स्टेशनों में विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
रामदेवरा कस्बे के रामसरोवर तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर तालाब में नाव संचालित करने वाले व्यक्ति ने पानी से युवक का शव बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही एएसआई दाईदान सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मृतक युवक का एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस के अनुसार, मृतक के दाहिने हाथ पर एलके लिखा हुआ है, जबकि कंधे की बाजू पर सिंह का टैटू बना हुआ है। पहचान चिन्हों के आधार पर युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। युवक की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।