जैसलमेर

तीन दिन थमे रहने के बाद फिर दौड़े निजी बसों के पहिए

राजस्थान भर में निजी बस ऑपरेटरों की गत तीन दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। हड़ताल खत्म होने के साथ ही जैसलमेर जिले से शहरी और ग्रामीण रूटों पर निजी बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया।

less than 1 minute read
Feb 27, 2026

राजस्थान भर में निजी बस ऑपरेटरों की गत तीन दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। हड़ताल खत्म होने के साथ ही जैसलमेर जिले से शहरी और ग्रामीण रूटों पर निजी बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया। बसों के पहिए थमने से पिछले तीन दिनों से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह से बस स्टैंडों पर रौनक लौट आई और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

जैसलमेर के निजी बस स्टैंड सहित ग्रामीण मार्गों पर सुबह से ही बसों की आवाजाही शुरू हो गई। हर वर्ग के लोग बसों में सफर करते नजर आए। हड़ताल के दौरान रोडवेज बसों में अत्यधिक भीड़ रही और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा था। निजी बसों के संचालन शुरू होने से अब यातायात व्यवस्था सामान्य होती दिख रही है।

वार्ता के बाद निकला समाधान

बस ऑपरेटर अशोक तंवर ने बताया कि राज्य स्तर पर सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके चलते जैसलमेर से करीब 11 शहरी रूटों व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित निजी बसों की सेवाएं बहाल हो गई। वहीं यात्रियों का कहना है कि अचानक हड़ताल से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ी। कई लोगों को टैक्सी या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा, जिससे अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ा।

शुक्रवार को बसों के पुन: संचालन से बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की आवाजाही बढऩे से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आई है।

Published on:
27 Feb 2026 09:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर