जैसलमेर

भाजपा ने निकाली रैली, आमसभा का हुआ आयोजन

- विकास के लिए भाजपा को दे समर्थन : शेखावत

less than 1 minute read
Jan 27, 2021
भाजपा ने निकाली रैली, आमसभा का हुआ आयोजन

पोकरण. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कस्बे में नगरपालिका चुनाव को लेकर रैली निकाली और विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया। महंत प्रतापपुरी महाराज के सानिध्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, शैतानसिंह राठौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जयनारायण व्यास सर्किल, स्टेशन रोड, अस्पताल रोड, गांधी चौक, फोर्ट रोड, गुराणियों की गली सहित विभिन्न वार्डों में रैली निकाली। उन्होंने घर-घर जाकर जनसंपर्क किया तथा भाजपा प्रत्याशियों को मत एवं समर्थन की अपील की। इसके बाद वार्ड संख्या 10 में एक आमसभा का आयोजन किया गया। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कांग्रेस 60 वर्ष तक सत्ता में रही। इस दौरान देश में भ्रष्टाचार बढ़ा। किसान, मजदूर, विद्यार्थी, महिला प्रत्येक वर्ग त्रस्त हुआ। वर्तमान में प्रदेश में सरकार ने बिजली की दरें नहीं बढ़ाने का वादा किया, लेकिन कई बार बिजली की दरें बढ़ाई गई। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा, बलात्कार की घटनाएं बढ़ी, लेकिन सरकार पूरी तरह से मौन है। उन्होंने कहा कि पोकरण नगरपालिका में बीते पांच वर्षों कांग्रेस के कार्यकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। सड़कों में गड्ढ़े पड़े है और सौंदर्यकरण के नाम पर मात्र पैसा खर्च हुआ, कोई कार्य नहीं किया गया। उन्होंने पोकरण के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जीताने और बहुमत दिलाकर बोर्ड बनाने का आह्वान किया। इस मौैके पर महंत प्रतापपुरी महाराज, जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, छोटूसिंह भाटी, शैतानसिंह राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, वरिष्ठ अधिवक्ता रतनलाल पुरोहित ने भी अपने विचार रखे। संचालन मदनसिंह राजमथाई ने किया।

Published on:
27 Jan 2021 09:22 pm
Also Read
View All