
मोहनगढ़ के अस्पताल स्थित मौर्चरी
मोहनगढ़ (जैसलमेर ). नहरी क्षेत्र में खेत में पानी की मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आने से एक प्रौढ़ किसान की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार को नहरी क्षेत्र के 13 जे.जे.डब्ल्यू. में हुआ। जानकारी के अनुसार खेत में लगे सौर ऊर्जा सिस्टम से करंट फैलने के कारण किसान इसकी चपेट में आया। मृतक की पहचान लालचंद पुत्र कालूराम बावरी (40) के रूप में हुई है। लालचंद करीब पांच माह पहले खाजूवाला क्षेत्र से मोहनगढ़ आया था और यहां खेती कर रहा था। शनिवार को वह खेत में पानी की मोटर चालू करने गया था। इस दौरान करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी उप निरीक्षक गुमान सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर निजी वाहन से मोहनगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। परिजन खाजूवाला से मोहनगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थाना मामले की जांच कर रहा है।
लाठी @ पत्रिका. फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वरनगर में भंवरी देवी विश्नोई की हत्या और उनकी दो बेटियों पर हुए हमले के मामले में न्याय की मांग को लेकर शनिवार शाम लाठी क्षेत्र के धोलिया गांव से रामदेवरा तक पदयात्रा शुरू की गई। यह पदयात्रा शारदा मारवाड़ी के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। पदयात्री रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेव के समाधि स्थल पर भंवरी देवी के परिवार को न्याय दिलाने की प्रार्थना करेंगे। आयोजक शारदा मारवाड़ी ने बताया कि घटना को करीब 45 दिन बीत जाने के बावजूद मामले का खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धोलिया से रामदेवरा तक शांतिपूर्ण पदयात्रा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से न्याय, सत्य और सद्भावना का संदेश दिया जाएगा तथा विभिन्न समाजों और छत्तीस कौम के लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया गया है। पदयात्रा में शारदा मारवाड़ी, शोभा बिश्नोई, सुमन जाजूदा, शारदा बिश्नोई ढाका, मोहनलाल जाजूदा, राजाराम बिश्नोई, शिव बिश्नोई, कमला विश्नोई, निरमा जाजूदा, सुशीला बिश्नोई, माया बिश्नोई एलची विश्नोई, धापू बिश्नोई, कमलेश बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग शामिल हुए।
Updated on:
19 Sept 2026 09:02 pm
Published on:
19 Sept 2026 09:02 pm
