20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: जोधपुर के पदयात्रियों से गूंजा पोकरण, बाबा के विवाह की रस्म अदा

भादवा मेले के बीच पोकरण में जोधपुर से पहुंचे पदयात्री संघों के पड़ाव से धर्ममय माहौल बना हुआ है। दो दिनों से धार्मिक अनुष्ठान, बाबा रामदेव के विवाह प्रसंग, जागरण और भजन कार्यक्रमों से पड़ाव स्थल श्रद्धा का केंद्र बना रहा। रविवार को रक्षासूत्र की अनूठी परंपरा और 30 से 35 फीट ऊंचे कपड़े के घोड़े श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
2 min read
Google source verification
ramdevra jaisalmer

पोकरण. मेहंदी रचाती महिलाएं। पत्रिका

पोकरण. जोधपुर से पोकरण पहुंचे पदयात्री संघों की ओर से गत दो दिनों से कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पोकरण में बाबा के जयकारे गूंज रहे हैं और माहौल धर्ममय हो गया है। बाबा रामदेव के भादवा मेले में इन दिनों रामदेवरा सहित पोकरण में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जोधपुर से आने वाले पदयात्री संघ रामदेवरा में बाबा की समाधि के दर्शनों से पूर्व पोकरण में एक रात विश्राम कर धार्मिक कार्यक्रम करते हैं। जोधपुर सोजती गेट सर्वसमाज पदयात्री संघ के सैकड़ों सदस्य शनिवार को पोकरण पहुंचे और शनिवार व रविवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए।

पदयात्रियों के पड़ावस्थल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में गत दो दिनों से चहल-पहल रही। संघ की ओर से गत कई वर्षों से पोकरण में पड़ाव स्थल पर बाबा रामदेव के विवाह की रस्म अदा की जाती है। इसी के अंतर्गत संघ के सदस्यों ने शनिवार मध्यरात्रि में पड़ाव स्थल पर बाबा रामदेव के विवाह प्रसंग का आयोजन किया। इस दौरान कलाकारों ने बाबा रामदेव व राणी नैतलदे के रूप में स्वांग रचकर विवाह की रस्म निभाई। पूरी रात जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे। रविवार को महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी रचाई। भजन गायकों ने दिनभर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इस संघ में एक अनूठी परंपरा है कि सभी पुरुष व महिलाएं खुद को भाई-बहन मानते हुए साथ चलते हैं और पोकरण में रक्षाबंधन का पर्व मनाते हैं। रविवार को महिलाओं ने पुरुष पदयात्रियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर तीर्थस्थल पर धर्मभाई बनाने की रस्म निभाई। जोधपुर से पदयात्री संघों के साथ ही कपड़े के घोड़े लेकर श्रद्धालु रवाना होते हैं। पड़ाव स्थल पर ये घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। रविवार को दो बड़े कपड़े के घोड़े भी पोकरण पहुंचे, जिनकी ऊंचाई 30 से 35 फीट थी।

दर्शन को आ रहे श्रीगंगानगर का परिवार हादसे का शिकार

रामदेवरा. धार्मिक नगरी रामदेवरा में रविवार सुबह दर्शन के लिए आ रहा श्रीगंगानगर का एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। रामदेवरा-नाचना मार्ग पर मावा गांव के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें युवती अर्पिता रानी (20) की पीठ में गंभीर चोट बताई गई है। सभी घायलों को रामदेवरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पोकरण रेफर किया गया। यह हादसा सुबह करीब दस बजे रामदेवरा से लगभग तीन किलोमीटर पहले हुआ। जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर के जोधेवाल थाना क्षेत्र के जूनावढ़ निवासी एक ही परिवार के पांच लोग कार से रामदेवरा दर्शन को आ रहे थे। घायलों में प्रौढ़ा सोनूदेवी (45), संजय कुमार (46), वृद्धा ऊषा देवी (65) और युवती अर्पिता रानी (20) शामिल हैं। हादसे के बाद ग्रामीण नाथूसिंह तंवर ने घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर रामदेवरा पुलिस भी मौके पर पहुंची।