20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: नगरपरिषद में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान, मतदान के तुरंत बाद होगी मतगणना और विजेता की घोषणा

नगरपरिषद के नए सभापति का फैसला सोमवार को होगा, भाजपा के विजय डांगरा और कांग्रेस के निर्मल पुरोहित आमने-सामने हैं। 45 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 25 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 16, ऐसे में मुकाबले का गणित भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद दोनों खेमों में रणनीतिक सक्रियता तेज है; सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान के बाद तुरंत मतगणना होगी।
2 min read
Google source verification
jaisalmer news letest

अज्ञात स्थल पर भाजपा पार्षदों के लिए आयोजित की गई सांस्कृ़तिक संध्या।

जैसलमेर नगरपरिषद में शहर के प्रथम नागरिक यानी सभापति पद का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला सोमवार को होगा। भाजपा के विजय डांगरा और कांग्रेस के हाइब्रिड प्रत्याशी निर्मल पुरोहित के बीच सभापति पद के लिए सीधा मुकाबला है। 45 सदस्यों वाले नगरपरिषद बोर्ड में भाजपा ने 25 सीटें जीती हैं और इस तरह से स्पष्ट बहुमत उसके पाले में है। इसके अलावा जीते हुए 4 निर्दलीय पार्षदों में से भी 2 या 3 उसके खेमे में बताए जाते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस ने अपने सभापति पद के पहले से दावेदार निर्मल पुरोहित पर ही वार्ड 33 में पराजय के बावजूद विश्वास जताया है। कांग्रेस के 16 पार्षद निर्वाचित हैं और एक-दो निर्दलीयों का साथ उन्हें मिला हुआ है। इस तरह की गणना में भाजपा की जीत साफ नजर आती है, लेकिन इसके बावजूद जहां भाजपा कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है और फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है, वहीं कांग्रेस के नेता आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में रोमांच भरे हुए हैं। सोमवार को नगरपरिषद कार्यालय में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक सभापति पद के लिए पार्षद मतदान करेंगे और उसके तुरंत बाद मतों की गणना कर विजेता की घोषणा की जाएगी। चुनाव के मौके पर नगरपरिषद कार्यालय और उसके पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। चुनाव के चलते बड़ी तादाद में राजनीतिक पार्टियों के समर्थकों सहित आमजन के उमडऩे की संभावना के चलते यातायात की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

पहली बार हाइब्रिड प्रत्याशी

- इस चुनाव में पहली बार सभापति पद पर कांग्रेस ने हाइब्रिड प्रत्याशी को मैदान में उतार कर नया इतिहास बना दिया है।

- जैसलमेर नगरपालिका और नगरपरिषद में क्रमश: अध्यक्ष व सभापति पद पर आम तौर पर सीधा मुकाबला होता आया है। गत चुनाव में त्रिकोणात्मक संघर्ष हुआ था।

- पिछले 32 वर्षों में जैसलमेर में स्थानीय निकाय पर उसी पार्टी का उम्मीदवार विजयी रहा है, जिसकी राजस्थान में सरकार होती है।

- वर्ष 2009 में एकमात्र बार अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव हुआ था। जिसमें कांग्रेस के अशोक तंवर ने भाजपा के बाबूदास रामावत को पराजित किया था।

अज्ञातवास में भाजपा के पार्षदों का सांस्कृतिक संध्या से मनोरंजन

भाजपा के निर्वाचित पार्षदों और नेताओं का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में किसी अज्ञात स्थान पर बने आलीशान रिसोर्ट में खुले में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देते दिखाई दिए। संध्या के मौके पर भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी और चुनाव प्रभारी भोपालसिंह भी मौजूद दिखे। गौरतलब है कि विधायक भाटी पिछले कई दिनों से भाजपाई पार्षदों की बाड़ाबंदी में स्वयं मौजूद हैं।