जैसलमेर

सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस परेड 5 को, फुल ड्रेस रिहर्सल 3 को

-अमित शाह 4 को आएंगे जैसलमेर-परेड के आमजन भी बन सकेंगे साक्षी

2 min read
Nov 29, 2021
सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस परेड 5 को, फुल ड्रेस रिहर्सल 3 को


जैसलमेर. सीमा सुरक्षा बल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में परेड-2021 आगामी 5 दिस बर को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे। सीमा सुरक्षा बल के सेक्टर मुख्यालय (उत्तर) के उपमहानिरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि परेड के दौरान जवानों की ओर से सेरेमोनियल ड्रेस में परेड, ऊंटों की परेड, श्वानों की सीमा सुरक्षा बल में सक्रियात्मकता, सीमा भवानी एवं जांबाज मोटरसाइकिल टीम की ओर से प्रदर्शन एवं अन्य भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल 3 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 व 5 दिसंबर को सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का अवलोकन आमजन भी कर सकेंगे। उन्होंने दोनों ही दिनों में होने वाले इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान आम जनता से किया है।
सीमा क्षेत्र में रात्रि विश्राम करेंगे शाह
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 दिस बर को जैसलमेर पहुंचेंगे और अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल की अग्रिम चौकियों का अवलोकन करेंगे तथा जवानों की हौसला अफजाई करेंगे। बताया जाता है कि गृहमंत्री संभवत: सीमा क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम करेंगे और 5 तारीख को पूनम स्टेडियम में परेड के मुख्य अतिथि होंगे।
जोश-खरोश के साथ चल रहा पूर्वाभ्यास
इस बीच पूनम स्टेडियम में गत दिनों से सीमा सुरक्षा बल के जवानों की ओर से पूरे जोश-खरोश के साथ परेड को लेकर पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। इसमें बल के प्रशिक्षित ऊंट, घोड़े और श्वान और हैरतअंगेज कारनामे कर दिखाने वाले बाइकर्स और अन्य लोग भाग लेते हैं। सुबह जल्दी से बल के कार्मिक पूर्वाभ्यास के लिए पूनम स्टेडियम पहुंच जाते हैं। स्टेडियम के बाहरी हिस्से की साज-सज्जा भी की जा चुकी है। शहर में जगह-जगह स्थापना दिवस संबंधी हॉर्डिंग्स लगाए जा चुके हैं। गौरतलब है कि बल का स्थापना दिवस 1 दिसंबर को होता है। केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन की तारीख में बदलाव के बाद संभवत: परेड का दिन परिवर्तित कर 5 दिसंबर किया गया है।

Published on:
29 Nov 2021 04:38 pm
Also Read
View All