जैसलमेर

सड़क दुर्घटना व मारपीट पर मामला दर्ज

सड़क दुर्घटना व मारपीट पर मामला दर्ज

2 min read
May 04, 2022
सड़क दुर्घटना व मारपीट पर मामला दर्ज

लाठी. क्षेत्र के धोलिया गांव के पास सड़क हादसे व मारपीट को लेकर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फलोदी के ढढु स्थित सुजानसिंह की ढाणी निवासी करणसिंह पुत्र छोगसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि दो मई की रात करीब 12 बजे वे बोलेरो कैम्पर गाड़ी से सोढ़ाकोर से वापिस आ रहे थे। गाड़ी उसका भाई मेघसिंह चल रहा था। धोलिया गांव से 200 मीटर पहले एक एसयूवी जैसलमेर की तरफ से आई और गाड़ी के आगे-पीछे होने लगी। धोलिया गांव में निर्मित गति अवरोधक पर एसयूवी चालक ने उनकी बोलेरो को आगे से टक्कर मार दी। जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। एसयूवी में सवार छह-सात लोगों ने उसके भाई मेघसिंह को बाहर निकाला और जमकर मारपीट की। जिससे वह घायल हो गए तथा 108 एम्बुलेंस से लाठी अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने इसकी सूचना रामदेवरा थानाधिकारी को दूरभाष पर दी। आरोपियों ने करणसिंह के साथ भी मारपीट की। उनके साथ आए चचेरे भाई अमरसिंह ने बीच बचाव किया तथा भागकर पास स्थित मकान में शरण ली। घायल मेघसिंह की तबीयत खराब होने पर पोकरण व उसके बाद जोधपुर रैफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मारपीट का मामला दर्ज
पोकरण. क्षेत्र के लाठी थानांतर्गत भादरिया गांव में दुकान में घुसकर मारपीट करने व सामान में तोडफ़ोड़ करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। लाठी पुलिस के अनुसार भादरिया निवासी उम्मेदसिंह पुत्र नाथूसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि 30 अप्रेल को वह अपनी दुकान पर बैठा था। इस दौरान नरपतसिंह उसकी दुकान पर आया तथा दुकान में रखे सामान में तोडफ़ोड़ करने लगा। उसके मना करने पर मारपीट की। पूनमसिंह व लीलसिंह ने बीच बचाव कर छुड़ाया। नरपतसिंह को समझाकर यहां से रवाना किया। नरपतसिंह यहां से उसके घर गया और गाली गलौच करने लगा। इस दौरान पास ही सभाभवन में बैठे उसके पिता ने मना किया तो उनके साथ धक्का मुक्की की। लीलसिंह ने बीच बचाव किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

धक्का मुक्की कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित, मामला दर्ज
पोकरण. क्षेत्र के लाठी गांव में रुपए के लेनदेन को लेकर एक व्यक्ति के साथ धक्का मुक्की करने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। लाठी पुलिस के अनुसार गांव के अशोककुमार भील पुत्र गेम्पराराम भील ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह भादरिया निवासी उम्मेदसिंह की गाड़ी चलाने का कार्य करता था। 18 अप्रेल को उसने उम्मेदसिंह से तनख्वाह के 32 हजार रुपए मांगे तो देने से मना कर दिया और गालियां व जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। साथ ही धक्का मुक्की भी की। 21 अप्रेल को जब वह पोकरण में मिला और रुपए मांगे तो भी गालियां दी एवं रुपए देने से मना कर दिया। गांव के प्रेमसिंह व हुकमसिंह ने उसे रुपए दिलाने की जिम्मेवारी ली। 27 अप्रेल को वह प्रेमसिंह के घर गया तो उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और रुपए नहीं देने की बात कही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Published on:
04 May 2022 10:17 pm
Also Read
View All