नोख,- तीन जिलों की त्रिवेणी पर स्थित नोख गांव के स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी से सीएचसी में क्रमोन्नति का तमगा मिले महीनों निकल जाने के बाद भी सुविधाओं के बढ़ने का आज भी इंतजार बना हुआ है ।
नोख,- तीन जिलों की त्रिवेणी पर स्थित नोख गांव के स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी से सीएचसी में क्रमोन्नति का तमगा मिले महीनों निकल जाने के बाद भी सुविधाओं के बढ़ने का आज भी इंतजार बना हुआ है । उल्लेखनीय है कि नोख गांव में पीएचसी का संचालन वर्षों पहले शुरू हुआ था और पीएचसी से सीएचसी में क्रमौन्नत होकर सीएचसी के रूप में इस वर्ष संचालन शुरू किया गया है लेकिन इसे नोख क्षेत्र वासियों की बदकिस्मती कहें या सरकारी या विभागीय उदासीनता कहें यहां पर सीएचसी स्तर की सेवाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई है । ऐसे में आज भी पीएचसी स्तर की ही चिकित्सा सेवाएं ही मिल पा रही है हालांकि क्रमौन्नति के बाद यहां पर दवाईयों की उपलब्धता में बढोतरी सीएचसी स्तर की जरूर हो गई है । लेकिन सीएचसी स्तर के चिकित्सकों व जांच सुविधाओं का आज भी इंतजार है । वहीं एक सप्ताह पहले सरकार ने दो चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं लेकिन अभी तक उन्होंने यहां पर ज्वाईनिंग नहीं की है ।
विस्तृत क्षेत्र, क्रुड आयल, सोलर हब के साथ एनएच का जुड़ाव - नोख सीएचसी वर्षों से नोख के साथ साथ जैसलमेर, बीकानेर व जोधपुर जिलो के दर्जनों गांवों व ढाणियों की चिकित्सा सेवाओं का एकमात्र केंद्र बना हुआ है । वर्तमान समय में नोख में करीब एक हजार मेगावाट के सोलर पार्क की स्थापना का कार्य प्रारंभिक दौर में है तो नोख व नोख से सटे बीकानेर क्षेत्र में गत कई महीनों से तेल व गैस खोज का कार्य प्रगति पर है । इसी तरह नोख से होकर गुजरने वाले बाप रणजीतपुरा सड़क मार्ग को विस्तार देकर नेशनल हाईवे 911 के रूप दिये जाने के बाद से नोख में वाहनों की आवाजाही बेहद बढ गई है । ऐसे में नोख सीएचसी में रिक्त पदों को भरने के साथ ही सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की तत्काल प्रभाव से आवश्यकता है ।
पद भरे व सुविधाएं बढ़े तो कुछ बात बने - नोख सीएचसी में वर्तमान में एक आयुष चिकित्सक सहित दो चिकित्सक कार्यरत है । वहीं दो चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी हो रखें है । यहां पर लेब टेकनीशियन, फार्मासिस्ट, एक जीएनएम सहित कई पद रिक्त है । इसके अलावा सीएचसी स्तर की जांच सुविधाओं का भी अभी तक अभाव है । ऐसे में नाममात्र की सीएचसी से लोगों को विशेष लाभ नहीं मिल रहा है ।
108 एम्बुलेंस की भी दरकार - नोख सीएचसी में आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए एम्बुलेंस के रूप में 108 की मांग लम्बे समय से की जा रही है । हालांकि यहां पर 104 एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध है लेकिन वो भी वर्षों पुरानी होने से खस्ताहाल अवस्था में है । नोख क्षेत्र में सड़कों के विस्तार व सोलर व क्रूड ऑयल के क्षेत्र में कामों की गति के चलते वाहनों की आवाजाही बेहद बढ़ गई है । इसी के चलते आए दिन दुर्घटनाओं की तादाद बढ रही है । हालांकि मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ रही है लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें अन्यत्र भी जाना पड़ता है । जिससे लोगों को आर्थिक व मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।
सुविधाएं नहीं नाम भी वही - नोख पीएचसी को सीएचसी में क्रमौन्नत हुए महीनों बीत गए हैं । सीएचसी स्तर की सुविधाओं उपलब्ध करवाने की ओर जहां विभाग व प्रशासन उदासीन बने हुए हैं वहीं सीएचसी के मुख्य द्वार पर लगा बोर्ड आज भी इसे पीएचसी दर्शा रहा है । हालांकि स्वास्थ्य केंद्र के भवन पर एक जगह सीएचसी जरूर लिखा हुआ है ।
इनका कहना है -
नोख सीएचसी में दो चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश हो चुके हैं । उन्होंने अभी तक ज्वाईन नहीं किया है । यहां आने वाले मरीजों को उपलब्ध स्टाफ व सुविधाओं के साथ बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रहे हैं ।
डॉक्टर अरिवंद कुमार चिकित्सा अधिकारी सीएचसी नोख ।