जैसलमेर

Jaisalmer: जैसलमेर में बछड़े का कटा सिर मिलने से लोगों में आक्रोश, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जताई नाराजगी

Rajasthan News: जैसलमेर के एयरफोर्स चौराहे के पास गोवंश के बछड़े का कटा सिर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
2 min read
Jul 10, 2026
Rajasthan Police
राजस्थान पुलिस (फाइल फोटो-पत्रिका)

राजस्थान के जैसलमेर शहर में आज एयरफोर्स चौराहे के पास गोवंश के एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बछड़े का सिर वहां पर कैसे आया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसलमेर में एयरफोर्स चौराहे के पास कुछ कुत्ते किसी अवशेष को नोच रहे थे। जब वहां से गुजर रहे लोगों ने ध्यान से पास जाकर देखा तो गोवंश के बछड़े का कटा हुआ सिर पड़ा मिला। ये दृश्य देखकर लोगों में नाराजगी फैल गई। घटना की सूचना आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी तेजी से फैल गईजिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भीड़ को संभाला और शांति बनाए रखने की अपील की साथ ही मौके से भी जुटाए।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जताई नाराजगी

घटना की जानकारी फैलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी जिला पशु चिकित्सालय पहुंच गए। उस समय वहां पशु चिकित्सक मौजूद नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। डॉक्टर नहीं मिलने को लेकर कुछ देर तक कार्यकर्ताओं और संबंधित कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी रही। हालांकि बाद में अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर मामला शांत कराया। कार्यकर्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की।

उधर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करने के साथ-साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता लगेगा। यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
10 Jul 2026 12:15 pm
Published on:
10 Jul 2026 11:56 am