
Bundi Accident: सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत (फोटो-पत्रिका)
बूंदी। बेटे के 32वें जन्मदिन की खुशियां मनाने कोटा जा रहे बुजुर्ग दंपती उसके पास नहीं पहुंच सके। कोटा-दौसा मेगा स्टेट हाइवे पर गुडली और टोल प्लाजा के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही मौत हो गई। जिस घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही देर बाद मातम पसर गया।
एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि श्रीपुरा गांव निवासी केदारलाल शर्मा (71) और उनकी पत्नी गीताबाई (65) अपने छोटे पुत्र सुनील शर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से कोटा जा रहे थे। गुडली और टोल प्लाजा के बीच पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों ट्रेलर की चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। एएसआई ने बताया कि दुर्घटना में वृद्धा का शव क्षत-विक्षत हो गया। उसके सिर को कपड़े से बांध कर लाना पड़ा।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन लोगों की भीड़ देखकर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। बड़े पुत्र रामशंकर शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शिक्षक रहे केदारलाल शर्मा सेवानिवृत्ति के बाद पत्नी के साथ कापरेन में रह रहे थे। उनके दोनों पुत्र कोटा में निवास करते हैं। छोटे पुत्र सुनील शर्मा के 32वें जन्मदिन पर कोटा में आयोजन रखा गया था। दंपती बेटे के लिए उपहार लेकर घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार वे बेटे को भेंट देने के लिए सफेद कपड़े साथ ले जा रहे थे, लेकिन हादसे के बाद वही कपड़े उनकी अंतिम विदाई के लिए कफन बन गए।
उधर, जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित कोटा पहुंचने लगे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में जन्मदिन की बधाइयों की जगह मौत की खबर मिलेगी। सूचना मिलते ही खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
Updated on:
09 Jul 2026 09:43 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
