
सुनील वर्मा की फाइल फोटो: पत्रिका
Head Constable Died In Road Accident: बूंदी जिले के सदर थाना क्षेत्र में टनल के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसे ने पुलिस विभाग के साथ-साथ परिजनों को भी गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे के एक दिन बाद ही हेड कांस्टेबल का जन्मदिन था जिसकी तैयारियों और चर्चा के बीच अचानक आई इस दुखद खबर से पूरे विभाग में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार बूंदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सीसी ब्रांच में कार्यरत हेड कांस्टेबल सुनील वर्मा (47) निवासी छत्रपुरा देर रात किसी निजी कार्य से बाइक पर तालाब गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र में टनल के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सुनील वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद शव को देखकर परिजनों का बुरा हाल हो गया। वे हॉस्पिटल में फूट-फूटकर रोते रहे।
सदर थाने के एएसआई रजनीश राठौड़ ने बताया कि सड़क हादसे के एकदिन बाद ही यानी 2 जुलाई को सुनील वर्मा का जन्मदिन था। उन्होंने हाल ही में कार्यालय में जन्मदिन पर साथियों के साथ पार्टी करने की बात भी की थी लेकिन अचानक हुए हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बूंदी पुलिस लाइन के आरआई बहादुर सिंह ने बताया कि सुनील वर्मा साल 2001 बैच के पुलिसकर्मी थे और लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उनकी अकस्मात मृत्यु की खबर ने सब को हैरान कर दिया। घटना का सुनकर पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और परिचित भी मौजूद रहे।
Updated on:
02 Jul 2026 11:01 am
Published on:
02 Jul 2026 08:38 am
