2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota: चालान से नाराज ट्रक ड्राइवरों ने NH-52 पर लगाया जाम, 2025 में जुर्माना लगाने पर RTO इंस्पेक्टर को कुचल दिया था

After Challan Truck Driver Block NH-52: चालान कार्रवाई से नाराज ट्रक ड्राइवरों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे 3 घंटे यातायात ठप रहा। घटना ने 2025 में हुई उस दर्दनाक वारदात की याद दिला दी जिसमें चालान के दौरान एक इंस्पेक्टर की जान चली गई थी।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jul 02, 2026

Truck Driver Jam News

जाम लगाने के बाद की स्थिति (फोटो: पत्रिका)

National Highway-52 Traffic Jam: राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर कालियाखेड़ी के निकट परिवहन विभाग की कार्रवाई के बाद दो ट्रक चालकों ने बीच सड़क पर वाहन आड़े खड़े कर दिए। इससे करीब 3 घंटे तक हाईवे पर यातायात ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर मंडाना व सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे यातायात सुचारू कराया। हालांकि वाहनों का दबाव अधिक होने से शाम करीब चार बजे जाकर यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे परिवहन विभाग (RTO) की टीम कालियाखेड़ी के निकट वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दरा की ओर से आए दो ट्रकों को रोककर उनका चालान बनाया गया। आरोप है कि चालान की कार्रवाई से नाराज चालकों की अधिकारियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों चालक ट्रकों को हाईवे पर आड़ा खड़ा कर मौके से भाग गए। मार्ग अवरुद्ध होने से कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में मौके पर पहुंचे चालकों से समझाइश की गई। फिर दोनों अपने-अपने ट्रक लेकर रवाना हो गए।

सूचना पर मौके पर पहुंची टीम

सूचना पर मंडाना थाने से सहायक उपनिरीक्षक रामभरोस यादव और कमल सिंह राजावत जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जाम नहीं खुल सका। बाद में सीमलिया थाना अधिकारी नंदसिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान कोटा से भी अतिरिक्त पुलिस जाप्ता एवं वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जाम के दौरान सड़क पर वाहन आड़े-तिरछे फंसने से स्थिति और खराब हो गई। पुलिस को एक-एक वाहन निकालकर यातायात व्यवस्थित करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। रोडवेज बसों सहित अन्य यात्री वाहन भी प्रभावित हुए और लोग पेयजल व चाय तक के लिए परेशान नजर आए।

चालान की कार्रवाई के दौरान निरीक्षक की जा चुकी है जान

एनएच-52 पर चालान की कार्रवाई के दौरान हिंसक घटना पहले भी सामने आ चुकी है। 3 मई 2025 को गोपालपुरा माताजी टोल प्लाजा के निकट चैकिंग के दौरान परिवहन निरीक्षक नरेश कुमार पर कथित रूप से चालान से नाराज ट्रेलर चालक ने वाहन चढ़ा दिया था। गंभीर चोटों के कारण निरीक्षक की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा था, लेकिन आज तक इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया।

चालान की कार्रवाई के बाद लगाया जाम

टीम कालियाखेड़ी के निकट वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान ओवरलोड मिले दो ट्रकों को रोककर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। कार्रवाई से नाराज ट्रक चालकों ने अपने वाहन हाईवे पर आड़े खड़े कर दिए, जिससे यातायात बाधित हो गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग चुका था।
मनीष शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, कोटा

बड़ी खबरें

View All

कोटा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग