29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi News : 91 करोड़ से बनेगा नैनवां रोड फ्लाईओवर, सभी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी

शहर के नैनवां रोड पर शहर का पहला फ्लाईओवर 91.50 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसके लिए सभी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह फ्लाईओवर तीन बत्ती चौराहा से नैनवां रोड तक 915 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर 580 मीटर एप्रोच रोड बनाया जाएगा।
2 min read
Google source verification
Construction of flyover on Bundi-Nainwa Road

बूंदी के नैनवां रोड से गुजरते वाहन।

बूंदी. शहर के नैनवां रोड पर शहर का पहला फ्लाईओवर 91.50 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसके लिए सभी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह फ्लाईओवर तीन बत्ती चौराहा से नैनवां रोड तक 915 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर 580 मीटर एप्रोच रोड बनाया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शेखर चंद मीना ने बताया कि इस परियोजना के लिए पूर्व में 55 करोड़ तीस लाख रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। उम्मीद है कि दो साल में फ्लाईओवर पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर दो लेन का बनाया जाएगा और इसमें 31 स्पॉन होंगे। प्रत्येक स्पॉन में तीस मीटर का गेप होगा। फ्लाईओवर रजत गृह गेट नम्बर तीन तक बनाया जाएगा। इस दौरान कुछ क्षेत्र में से अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। संभवतया बारिश के बाद कार्य शुरू हो जाएगा।

जाम से मिलेगी मुक्ति

बत्ती चौराहा से नैनवा रोड पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यह फ्लाईओवर बूंदी के लिए राहत की सांस साबित होगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के बीचों बीच ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम होगा। यह न सिर्फ स्थानीय लोगों को राहत देगा, बल्कि पर्यटकों को भी बूंदी की सैर में आसानी होगी। फ्लाईओवर बनने के बाद जिन वाहनों को नैनवां रोड या माटूंदा जाना होगा, वह सीधे तीन बत्ती चौराहे से ही फ्लाईओवर होकर कम समय में अपने गंतव्य को पहुंचेंगे। इससे जाम से तो मुक्ति मिलेगी, लोगों का समय भी बचेगा। साथ ही यहां पर होने वाली दुर्घटनाओं से भी लोगों को निजात मिलेगी।

तीनों विभाग से लिया एस्टीमेट

पूर्व में जलदाय, नगरपरिषद एवं विद्युत निगम से उनके क्षेत्र के कार्य जैसे पाइप लाइन, विद्युत लाइन, सीवरेज आदि का एस्टीमेट इसमें शामिल नहीं किया गया है, अब वो भी इसमें शामिल कर लिए गए है। फ्लाईओवर निर्माण के लिए भूमि का परीक्षण कर लिया गया है।

फ्लाईओवर के लिए 91 करोड़ पचास लाख रुपए डीपीआर फाइनल हो गई है, फिलहाल 55.30 करोड़ रुपए स्वीकृत है। अतिरिक्त स्वीकृत के लिए विभागीय प्रयास जारी है।
शेखर चंद मीना, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बूंदी