क्षेत्र के भैंसड़ा गांव में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही आंदोलन की भी चेतावनी दी।
पोकरण. क्षेत्र के भैंसड़ा गांव में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि भैंसड़ा गांव में सरकारी नलकूप से जलापूर्ति की जाती है। यहां कार्यरत कर्मचारी मनमानी व लापरवाही बरतते हुए पानी चालू नहीं करता है। जिसके कारण 15-15 दिनों तक ढाणियों में जलापूर्ति बाधित रहती है। जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ता है और ट्रैक्टर टंकियों से पानी महंगे दामों में खरीदकर मंगवाने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से पशुकुंड व पशुखेलियों में जलापूर्ति नहीं होने के कारण मवेशी का भीषण गर्मी केे मौसम में बेहाल हो जाता है। जिसको लेकर कई बार ग्रामीण अपने स्तर पर धनराशि एकत्रित कर टैंकरों से पानी डलवाते है। उन्होंने बताया कि अभी गत 20 दिनों से नलकूप खराब पड़ा है। जिसे ठीक नहीं करवाया जा रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ रहा है और परेशानी हो रही है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि नलकूप से ढाणियों तक बिछाई गई पाइपलाइन भी कई जगह से लीकेज पड़ी है। जिसे भी ठीक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की ओर से अवैध कनेक्शन किए गए है। कुछ जगहों पर खेतों में अवैध कनेक्शन से फसलों की सिंचाई की जा रही है। इस संबंध में कई बार कर्मचारी को बताने पर भी उसकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दो घंटे तक किया विरोध प्रदर्शन
भैंसड़ा गांव के नलकूप पर शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। उन्होंने करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन कर कर्मचारी को हटाने और नलकूप को ठीक करवाकर चालू करने एवं ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यदि इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो उनकी ओर से धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।