जैसलमेर

वायुशक्ति-2026 से पहले जैसलमेर की सूरत संवारे जाने की कवायद जोरों पर

मरुस्थलीय सरहद पर स्थित ऐतिहासिक शहर जैसलमेर एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर चमकने जा रहा है। भारतीय वायुसेना की ओर से दो साल में एक बार होने वाली सबसे बड़ी एक्सरसाइज वायुशक्ति-2026 के मद्देनजर प्रशासन ने शहर की सूरत बदलने की कवायद तेज कर दी है।

2 min read
Feb 24, 2026

मरुस्थलीय सरहद पर स्थित ऐतिहासिक शहर जैसलमेर एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर चमकने जा रहा है। भारतीय वायुसेना की ओर से दो साल में एक बार होने वाली सबसे बड़ी एक्सरसाइज वायुशक्ति-2026 के मद्देनजर प्रशासन ने शहर की सूरत बदलने की कवायद तेज कर दी है। इस अवसर पर देश-विदेश के उच्च पदस्थ वीवीआइपी, सैन्य अधिकारी और विशिष्ट अतिथि जैसलमेर पहुंचेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन 27 फरवरी को पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में किया जाना है, जहां आसमान में वायुसेना की मारक क्षमता और अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन होगा। इस आयोजन की महत्ता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगरपरिषद और अन्य विभाग समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। शहर में प्रवेश मार्गों से लेकर प्रमुख चौराहों तक सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

किए जा रहे हरचंद बंदोबस्त

वायु शक्ति-2026 के दौरान देश के शीर्ष नेतृत्व और रक्षा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जानकारी के अनुसार एयरफोर्स स्टेशन से लेकर एयरपोर्ट, हेलीपेड, सडक़ों और आयोजन स्थल के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों के साथ खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। शहर में जगह-जगह ट्रैफिक रूट का निर्धारण और पार्किंग स्थलों का चयन किया जा रहा है। संभावित वीवीआइपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए रूट चार्ट तैयार किया गया है, ताकि उनके आवागमन के समय किसी तरह की यातायात बाधा सामने नहीं आए।

सौंदर्यीकरण व मरम्मत कार्य तेज

  • जैसलमेर शहर के प्रमुख चौराहों और डिवाइडरों की सूरत बदलती नजर आ रही है। पीले पत्थरों से निर्मित डिवाइडरों की सफाई और पीले रंग से पुताई की जा रही है और कई स्थानों पर नए पौधे लगाए जा रहे हैं।
  • सडक़ किनारे टूट-फूट की मरम्मत, आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। गड़ीसर सरोवर, हनुमान चौराहा, एयरपोर्ट रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्यटन नगरी होने के कारण प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि आने वाले मेहमानों के सामने जैसलमेर की छवि एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में उभरे।
  • दूसरी तरफ नगरपरिषद की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। विशेषकर मुख्य मार्गों व इलाकों में दोनों समय सफाई, कचरा संग्रहण की नियमित मॉनिटरिंग भी तेज कर दी गई है।
  • शहर से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक सडक़ मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है। गड्ढों की मरम्मत, सिग्नलिंग व्यवस्था की जांच और मार्ग संकेतक बोर्डों को नया रूप दिया जा रहा है। आयोजन के दिन ट्रैफिक डायवर्जन की भी तैयारी की जा रही है।
  • स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन न केवल रक्षा शक्ति के प्रदर्शन का अवसर है, बल्कि जैसलमेर के लिए गौरव का क्षण भी है। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। होटल व्यवसायी और पर्यटन से जुड़े लोग भी तैयारियों में जुट गए हैं।
Published on:
24 Feb 2026 08:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर