जैसलमेर

गांधी मेले का हुआ आयोजन, शहीदों के परिवारजनों का किया सम्मान

सत्य व अहिंसा के पुजारी थे महात्मा गांधी : मंत्री

3 min read
Jan 31, 2021
गांधी मेले का हुआ आयोजन, शहीदों के परिवारजनों का किया सम्मान

पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य व अहिंसा के पुजारी थे तथा उनके बताए मार्ग व सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है, जो युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक व प्रेरणा के मार्ग बन सकते है। उन्होंने क्षेत्र के सांकड़ा गांव में शहीद दिवस के मौके पर आयोजित गांधी मेले में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शेरे राजस्थान लोकनायक जयनारायण व्यास ने 1954 में सांकड़ा क्षेत्र में दस्यु उन्मूलन कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों को आत्म समर्पण करवाकर दर्जनों लोगों को राष्ट्र की मुख्यधारा में जोडऩे का कार्य किया तथा सांकड़ा क्षेत्र को शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार के क्षेत्र में गति दी और गांधी मेले की शुरुआत की। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए गांधीवादी नेता व पूर्व विधायक गोवद्र्धन कल्ला ने गांधी मेले को आगे बढ़ाया। उन्होंने इस वर्ष गांधी मेला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम व गांधी मेले के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने शहीदों व स्वतंत्रता सैनानियों के त्याग व बलिदान के मार्ग पर चलकर लोकतंत्र को मजबूती देने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव में त्रिमूर्ति सर्किल बनाने व गांव में राजकीय महाविद्यालय खोलने के लिए अगले बजट में भरसक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं व दो वर्ष में राज्य सरकार की ओर से किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
गांधी पर गलत टिप्पणी करना दु:खद
अध्यक्षता करते हुए राजस्थान समग्र सेवा संघ के प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश के गांधीवादी चिंतक व सर्वोदयी नेता सवाईसिंह ने गांधी मेले को एक अनुकरणीय समारोह बताते हुए प्रत्येक गांव में इस तरह के कार्यक्रम करने, बापू के बताए 11 व्रत, 19 रचनात्मक कार्य पर चलकर राष्ट्र को मजबूती देने की बात कही। उन्होंने पूरे विश्व में 20वीं सदी में दुनिया के महानतम शख्सियत महात्मा गांधी पर सोशल मीडिया पर उन पर गलत टिप्पणियों पर दु:ख जताते हुए उनकी पुण्यतिथि को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए गांवों में शराब व नशामुक्ति कार्यक्रम चलाने व उनके सपनों को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने केन्द्र सरकार की ओर से कृषि बिलों को भी किसानों के अहित में बताते हुए उन्हें वापिस लेने की मांग की।
इन्होंने भी रखे विचार
सभा के दौरान नगर परिषद जैसलमेर के सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने गांधी मेले को अलगाववादी ताकतों व नफरत फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध एक आंदोलन बताते हुए गांधी के सिद्धांतों पर चलने, जाति व धर्म के भेद को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने ग्राम पंचायत से मुख्य चौराहे के पास सर्किल बनाने पर अपनी ओर से जयनारायण व्यास की अष्टधातु की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। गांधी मेले के संयोजक तनेरावसिंह सांकड़ा ने स्वागत करते हुए मेहमानों का आभार जताया। किशनगिरी ने भी अपने विचार रखे। सर्वोदयी कार्यकर्ता वरिष्ठ पत्रकार मनोहर जोशी ने गांधी मेले के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया। संचालन हेमशंकर जोशी व ओमप्रकाश सुथार ने किया।
शहीदों व सैनानियों के परिवारजनों का किया सम्मान
गांधी मेले में अतिथियों के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर हरीसिंह मीणा, बीएसएफ के उपकमान अधिकारी पीपीएस नेगी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्चना, उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा, तहसीलदार बंटी राजपूत, विकास अधिकारी गौतम चौधरी, प्रधान अर्जुनराम नाचना, पूर्व उपप्रधान रणवीरसिंह गोदारा, समाजसेवी किशोरसिंह कानोड़ ने जिले के स्वतंत्रता सैनानियों व शहीदों के परिवारजनों का शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर व मालाएं पहनाकर सम्मान किया। इससे पूर्व महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, शहीदों की तस्वीरों पर पुष्प चढ़ाकर व अमर जवान ज्योति के समक्ष पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

Published on:
31 Jan 2021 08:07 pm
Also Read
View All