- पार्षदों ने पेयजल समस्या को लेकर अधिकारियों को घेरा, मंत्री ने पाबंद कर किया निर्देशित
पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने कहा कि जलदाय विभाग व डिस्कॉम के कार्यालय पोकरण में स्थित है तथा उच्च स्तर के अधिकारी भी यहीं बैठते है। उन अधिकारियों को समय-समय पर कस्बे में जाकर व्यवस्था की मोनीटरिंग करने की आवश्यकता है। उन्होंने शुक्रवार को पोकरण प्रवास के दौरान नगरपालिका सभागार में उपखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि अधिकारियों की जिम्मेवारी है कि पानी, बिजली, चिकित्सा सहित अन्य समस्याओं को लेकर वे स्वयं मौके पर जाकर उनके निराकरण का प्रयास करें और आमजन को राहत दिलाएं। उन्होंने पोकरण नगरपालिका क्षेत्र में पानी, बिजली, सीवरेज आदि समस्याओं को लेकर अधिकारियों को निर्देशित करते हुए एक माह में उनके निराकरण की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बजट की कोई कमी नहीं है। बैठक के दौरान सीवरेज की समस्या को लेकर मंत्री शाले मोहम्मद ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को नई डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए तथा कस्बे के सर्वांगीण विकास को लेकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने अन्य समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ मंथन किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर समीक्षा की। नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन विजय व्यास ने किया।
पानी बिजली समस्या को लेकर घेरा
बैठक के दौरान पार्षदों ने पानी व बिजली संबंधित समस्याओं को लेकर अधिकारियों को घेरते हुए उदासीनता व अनदेखी का आरोप लगाया। वरिष्ठ पार्षद नारायणलाल रंगा, आईदान पंवार, रमेश माली, मांगीलाल गहलोत, जितेन्द्रदयाल बोहरा, श्यामसुंदर आदि ने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए बताया कि कस्बे के कई मोहल्लों में समय पर जलापूर्ति नहीं हो रही है। इस संबंध में जब अधिकारियों को सूचित करने के लिए फोन किया जाता है, तो वे फोन भी नहीं उठाते। कर्मचारियों को कई बार कहने के बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं होता। इसी प्रकार डिस्कॉम अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए बताया कि कई बार घंटों तक बिजली गुल हो जाने के बावजूद कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं देते है। तार टूट जाने अथवा ट्रांसफार्मर पर फ्यूज उड़ जाने पर सूचना देने के लिए फोन करने पर भी कर्मचारी फोन नहीं उठाते है। पार्षदों के आरोपों के दौरान हो-हल्ले से सभागार गूंज उठा। जिस पर मंत्री शाले मोहम्मद व उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई ने अधिकारियों को पाबंद करते हुए समय पर फोन उठाने, आमजन की समस्याओं का निस्तारण करने, संतोषजनक जवाब देने के लिए कर्मचारियों को चेतावनी देने और जनप्रतिनिधियों की ओर से बताई गई समस्याओं का त्वरित निराकरण कर आमजन को राहत दिलाने के निर्देश दिए।