जैसलमेर

सांप काटने से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की गई जान

जैसलमेर शहर स्थित गांधी कॉलोनी निवासी अशोक वैष्णव (45) की जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। अशोक गत 25 अप्रेल को अपने पड़ोसी के यहां सांप निकलने पर उसकी मदद करने के लिए गया था।
2 min read
May 07, 2026
Feature image
ai photo

जैसलमेर शहर स्थित गांधी कॉलोनी निवासी अशोक वैष्णव (45) की जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। अशोक गत 25 अप्रेल को अपने पड़ोसी के यहां सांप निकलने पर उसकी मदद करने के लिए गया था। अशोक ने जैसे ही सांप को पूंछ से पकड़ा, वह गुस्सा गया और उसने उसे तीन बार डस लिया। जिससे अशोक की तबीयत मौके पर ही बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए पहले जैसलमेर व बाद में जोधपुर ले जाया गया, जहां 8 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखकर उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद अशोक को बचाया नहीं जा सका। बताया जाता है कि पूंछ पकड़ते ही सांप आक्रामक हो गया और उसने अशोक को तीन बार डस लिया। कुछ देर बाद युवक की तबीयत बिगडऩे लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गम्भीर स्थिति में जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहां वह 8 दिन वेंटिलेटर पर रहा।

कई बार किया सांपों का रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी में रहने वाला अशोक वैष्णव मंदिर में पूजा-पाठ करता था। वह कई बार सांपों का रेस्क्यू भी करता था। गत 25 तारीख को उसके पड़ोस में सांप आ गया। शोर सुन कर अशोक रेस्क्यू करने पहुंचा। सांप को पूंछ से पकड़ कर काबू में करने की कोशिश के दौरान ने उसेहाथ पर डस लिया। आखिर में अशोक ने सांप को पूंछ से पकड़ जोर से जमीन पर पटका। थोड़ी देर बाद अशोक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। जोधपुर में मौत के बाद उसका जैसलमेर में अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी अशोक वैष्णव सम्भालता था। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा और छोटी बेटी अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

सांप निकलने के बढ़ते मामले

गर्मी के मौसम में घरों में सांप निकलने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो गई है। इसकी वजह यह है कि सांप अपने बिलों की तपिश सहन नहीं कर पाते और ठंडी व नमी वाली जगहों की तलाश में घरों के बाथरूम या रसोई तक पहुंच रहे हैं। यह देखा गया है कि गर्मियों में, विशेष रूप से रात में या खेतों में काम करते समय, सांप के काटने का खतरा सबसे अधिक होता है। इससे बचाव के लिए खेतों में काम करते समय गमबूट (लंबे जूते) पहनें और दस्ताने का प्रयोग करें। घर में, विशेषकर रात में, अंधेरी जगहों पर जाने से पहले लाइट जरूर जलाएं। सांप दिखे तो उसे मारने या छेडऩे की गलती न करें, तुरंत विशेषज्ञ को बुलाएं।

ऐसे करें खतरा कम

- खेत में एंकल कवर करने वाले मजबूत जूते पहनें

- रात में बिना टॉर्च बाहर निकलना अवॉयड करें

- फसल उठाने से पहले स्टिक से चेक करें

- नमी वाले एरिया में अलर्ट रहें

- सर्पदंश के बाद तुरंत मेडिकल हेल्प लें

ऐसा नहीं करें -

- घाव वाले स्थान पर कट लगाना या खून निकालना खतरनाक

- सर्पदंश वाले शरीर के स्थान को बांधना नुकसानदायक

- झाड़-फूंक में समय गंवाना जोखिमपूर्ण

Published on:
07 May 2026 08:42 pm