
जैसलमेर. एमआरएफ सेंटर के पास घटनास्थल पर पहुंचा पुलिस दल।
जैसलमेर. जैसलमेर नगर परिषद के सांवल कॉलोनी स्थित मैटेरियल रिकवरी फेसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में एक मजदूर ने फंदा लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली और उसकी पत्नी ने पुलिस को जानकारी देने के बजाए अन्य श्रमिकों को साथ लेकर वहीं पास में खाली जमीन पर गड्ढा खोद कर खुदकुशी करने वाले पति को दफना दिया। जब इस आशय की जानकारी पुलिस तक पहुंची तो पुलिस ने मौका मुआयना किया और अब जिला प्रशासन से अनुमति लेकर गड्ढे को खुदवा कर उसमें से शव निकलवाया जाएगा। जिससे उसका पोस्टमार्टम करवाया जा सके। यह घटना गत शनिवार की है। जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा निवासी रतननाथ (40) सूखे कचरे की छंटाई कर प्लास्टिक, मैटल और अन्य सामग्री को अलग-अलग करने का काम करता था। शनिवार रात टीन शेड में रस्सी के फंदे से लटका मिला। रतननाथ पिछले कई महीनों से पत्नी और 12 साल के बेटे के साथ डंपिंग यार्ड के पास कच्ची झोपड़ी बनाकर रह रहा था और वहीं मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को उसने टीन शेड के नीचे रस्से से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात को मृतक की पत्नी को घटना के बारे में जानकारी मिली। तब उसने पुलिस को सूचना नहीं दी और अन्य श्रमिकों को साथ लेकर एमआरएफ सेंटर के सामने खाली पड़े भूखंड में दफना दिया। गत रविवार सुबह जब मृतक के अन्य रिश्तेदारों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने भीलवाड़ा में मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों की ओर से जानकारी दिए जाने पर कोतवाली थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। चूंकि शव पहले ही दफनाया जा चुका था, इसलिए पुलिस ने उसे बाहर निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है। शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि सोमवार शाम को शव को प्रशासन से अनुमति मिलते ही गड्ढे से बाहर निकालकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि रतननाथ को एमआरएफ सेंटर में काम करने वाले उसके रिश्तेदार लाधूनाथ ने काम पर लगवाया था। घटना के बाद से लाधूनाथ परिवार सहित गायब बताया गया।
Published on:
29 Jun 2026 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
