साप्ताहिक समीक्षा बैठक में छाया रहा पत्रिका का मुद्दा
जैसलमेर. जिले में पानी, बिजली, सडक़ चिकित्सा आदि आवश्यक सेवाओं की लेकर सोमवार को आयोजित साप्ताहिक बैठक में राजस्थान पत्रिका की ओर से चलाया जा रहा अभियान छाया रहा। बैठक के सोमवार को जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने वर्षा काल से पूर्व शहर के नालों की साफ -सफाई करवाने की हिदायत दी।
जिला कलक्टर ने कहा कि इस कार्य के लिए विशेष दस्ते लगा कर प्रतिदिन मॉनेटरिंग की जाए। इस दौरान उन्होंने नगरपरिषद के अभियंताओं को निर्माण कार्यो के अलावा पर्यवेक्षण कार्यो में भी नियुक्त करने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंताओं को जोन वाइज प्रभारी बना कर स्वच्छता, आवारा पशुओं व श्वानों की धरपकड़, अवैध रुप से विक्रय हो रहे पॉलीथिन की बरामदगी एवं अतिक्रमण की रोकथाम का कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने की बात कही। उन्होंने नगरपरिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के कार्य की भी इन जोन प्रभारियों से प्रतिदिन मॉनेटरिंग करवाने के लिए कहा। जिला कलक्टर जोरवाल ने गत सप्ताह अंधड़ के दौरान बाधित हुई पानी व बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के निर्देश दिए। जलदाय विभाग के अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतरीन ढंग से सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब पड़े नलकूपों व हैण्डपम्पों को कम से कम समय में ठीक कर पुन: चालू करने , जिन नलकूपों को विद्युतकरण कराना है, उसकी डिमाण्ड राशि शीघ्र जमा कराने को कहा। जिला कलक्टर जोरवाल ने जवाहिर चिकित्सालय में पानी की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में करने की बात कही।