जैसलमेर

‘घर में दारू रखते हो तो चिप्स भी रखा करो…’ चोरी के बाद दीवार पर लिपिस्टिक से संदेश लिखने वाला ‘मनमौजी’ चोर गिरफ्तार

जैसलमेर में 'मनमौजी' चोर तेजाराम सुथार फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा। चोरी के बाद घंटों घर में रुककर खाने-पीने की आदत वाले आरोपी पर 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे जोधपुर से पकड़ा। वह वारदात के बाद दीवारों पर संदेश भी लिखता था।

2 min read
Apr 08, 2026
पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘मनमौजी’ चोर (फोटो- पत्रिका)

Jaisalmer News: जैसलमेर में वह चोर एक बार फिर जेल की सलाखों के पीछे आ गया है, जो मनमौजी किस्म का है। जहां चोरी करता, वहां इत्मीनान से रुककर खाने-पीने का शौक भी पूरा करता।

पिछली बार एक इंजीनियर के यहां चोरी करने गया, तब दीवारों पर लिपिस्टिक से लिख गया था कि पुलिस में रिपोर्ट मत करना। उसके खिलाफ पुलिस थानों में डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं और पुलिस रिमांड से बचने के लिए अदालत में तुरंत चोरी करना स्वीकार कर लेता है। बार-बार चोरी करने वाला यह चोर जैसलमेर के बबर मगरा में निवास करने वाला तेजाराम सुथार है।

ये भी पढ़ें

‘पत्नी को फोन कर परेशान करता था गांव का लड़का, तंग आकर की आत्महत्या’, आरोपी युवक की तलाश में जुटी पुलिस

तेजाराम सुथार जोधपुर से गिरफ्तार

पुलिस ने तेजाराम सुथार को जोधपुर से पकड़ा है। वह गत 31 जनवरी को इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी निवासी एक सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सूने घर में चोरी करने के मामले में वांछित था।

जहां उसने लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम और कपड़े आदि चुराए और घर छोड़ने से पहले दीवार पर उसने लिखा कि घर में दारू रखते हो तो चिप्स भी रखा करो और यह भी कि थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा, रिपोर्ट मत करना। आखिर में उसने अपना नाम बिहारी बाबू लिखा था।

मोबाइल नहीं रखता चोर

कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया कि आरोपी तेजाराम सुथार (39) एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता, इसलिए उसे पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह जोधपुर में छिपा है। इस पर उसे गत मंगलवार को जोधपुर से पकड़ कर जैसलमेर लाया गया है। आरोपी जिस घर में चोरी करता है, वहां घंटों बिताता है। खाने-पीने की चीजों का इस्तेमाल करता है।

चोरी करना करता था स्वीकार

जानकारी के अनुसार, वह जेल से बाहर आते ही दोबारा वारदात को अंजाम देता। जब भी पकड़ा जाता है और उसे कोर्ट में पेश किया जाता है तो वह कोर्ट में चोरी करना स्वीकार कर लेता है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप बरामद किया है।

ये भी पढ़ें

भारत-पाक बॉर्डर से आई दुखद खबर, आर्मी कैंट में हवलदार ने की आत्महत्या, भाई का रो-रोकर बुरा हाल

Published on:
08 Apr 2026 09:02 pm
Also Read
View All