
महिला ने की आत्महत्या (फोटो-एआई)
Dholpur Suicide Case: राजस्थान के धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक की निरंतर प्रताड़ना और फोन पर दी जा रही मानसिक यातनाओं से तंग आकर एक विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया।
बता दें कि घटना लूलापुरा गांव की है, जहां प्रीति नामक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के पति नीरज कुशवाह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, गांव का ही निवासी राहुल पुत्र रामवीर कुशवाह पिछले कई वर्षों से उसकी पत्नी को फोन करके लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी द्वारा दी जा रही इस मानसिक प्रताड़ना के कारण प्रीति काफी समय से तनाव में थी।
नीरज ने पुलिस को बताया कि आरोपी की हरकतों से तंग आकर परिवार और ससुराल पक्ष के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की थी। परिजनों ने आरोपी राहुल के पिता से मिलकर उसे समझाने और अपनी आदतों में सुधार लाने को कहा था।
हालांकि, आरोपी पर इन बातों का कोई असर नहीं हुआ। उसने परिजनों की तमाम समझाइश और सामाजिक दबाव को दरकिनार करते हुए प्रीति को परेशान करना जारी रखा।
मृतका के पति नीरज कुशवाह के मुताबिक, आरोपी पिछले कई सालों से मेरी पत्नी को फोन कर रहा था। हमने उसे समझाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। अंत में परेशान होकर मेरी पत्नी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पति की शिकायत के आधार पर आरोपी राहुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। फिलहाल, आरोपी युवक पुलिस की पकड़ से बाहर है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
08 Apr 2026 06:08 pm
Published on:
08 Apr 2026 06:07 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
