Jaisalmer Maru Mahotsav 2025: जैसलमेर की पहचान बन चुके विश्व-विख्यात मरू महोत्सव के दूसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मच रही। सोमवार को महोत्सव का आगाज जन आराध्य लक्ष्मीनाथ मंदिर में आरती के साथ हुआ।
Jaisalmer Maru Mahotsav 2025 : जैसलमेर। स्वर्णनगरी की पहचान बन चुके विश्व-विख्यात मरू महोत्सव के दूसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मच रही। सोमवार को महोत्सव का आगाज जन आराध्य लक्ष्मीनाथ मंदिर में आरती के साथ हुआ। इसके बाद गड़ीसर सरोवर से भव्य शोभायात्रा निकली, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद पूनम सिंह स्टेडियम पहुंची।
शोभायात्रा के समापन के बाद स्टेडियम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। मिस्टर डेजर्ट और मिस मूमल प्रतियोगिता में युवाओं का खासा उत्साह देखने को मिला। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जैसलमेर के धीरज पुरोहित ने मिस्टर डेजर्ट का खिताब जीता, जबकि बीकानेर की कोमल सिद्ध मिस मूमल चुनी गईं।
इसके अलावा, मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांधने की प्रतियोगिता और मूमल महिंद्रा जैसी पारंपरिक स्पर्धाओं ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार और फूड फेस्टिवल का भी उद्घाटन किया गया। कठपुतली शो, मैजिक शो और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया।